ललितपुर। क्रशर उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए लखनपुरा और गढि़या क्षेत्र में बांसी बिजली घर से एक अलग लाइन डाली जा रही है। इसमें सिर्फ इन क्रशर प्लांटों का कनेक्शन जोड़ा जाएगा। वर्तमान में ग्रामीण फीडर से लाइन जुड़ने के कारण फाल्ट होने की दशा में बिजली बाधित होती थी। इस लाइन से अब क्रशर को भरपूर बिजली मिलेगी। बिजनेस प्लान योजना अंतर्गत यह लाइन बिछाई जा रही है।
जनपद में क्रशर उद्योग को बढ़ावा देने के लिए उन्हें बिजनेस प्लान योजना अंतर्गत बिजली उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। इसके लिए बिजली विभाग को 57 लाख 33 हजार रुपये की धनराशि निर्गत की गई। इस धनराशि से 55 पोल लगाए गए। इसके बाद अभी भी क्रशर ने बिजली लाइन की दूरी करीब 800 मीटर है। ऐसे में यहां पर बिजली पहुंचाने के लिए योजना तैयार की जा रही है।
बताते चलें कि इस क्षेत्र में आसपास करीब पांच क्रशर लगे हैं। वर्तमान में इनका संचालन बिजली आपूर्ति न मिलने के कारण जनरेटर से हो रहा है, जिससे उत्पादन की लागत काफी बढ़ रही है। जो बाजार मूल्य से अधिक हैं। इसलिए झांसी के क्रशर संचालक जनपद में गिट्टी की आपूर्ति सस्ते दामों में कर रहे हैं। हालांकि अभी कार्य पूर्ण नहीं हुआ है। बिजली विभाग को जितनी धनराशि उपलब्ध कराई गई थी, उससे अभी 55 पोल स्थापित किए गए हैं। जो क्रशर तक बिजली पहुंचाने के लिए अभी 800 मीटर और लाइन बिछाई जानी है तो वहीं ग्राम गड़िया में फोरलेन पर अंडरपास लाइट डाली है। यह कार्य पूर्ण होने पर इन संस्थानों को बिजली उपलब्ध होगी, जिससे इनकी लागत में कम आएगी और एक बार जनपद क्रशर व्यापार गुलजार होगा।
बिजली आपूर्ति न मिलने से जिले के क्रशर व्यापार ठप
एक समय पर जनपद का क्रशर उद्योग काफी चरम पर था। यहां से आसपास के जिले और मध्य प्रदेश में गिट्टी की आपूर्ति की जाती थी। इसके बाद इस उद्योग को बिजली आपूर्ति नहीं मिली, कुछ समय तो जनरेटर के भरोसे यह व्यापार चला लेकिन इसके बाद जब झांसी के व्यापारी यहां पर सस्ते दामों में सप्लाई करने लगे, तो यहां का क्रशर व्यापार बैठ गया लेकिन वर्तमान में शासन और प्रशासन की पहल से एक बार फिर यह व्यापार गुलजार होता नजर आ रहा है।
सीडीओ ने 20 लाख की धनराशि के लिए डीएम को पत्र लिखा
हाल ही में सीडीओ ने लखनपुरा और गढि़या के निर्माणाधीन फीडर का निरीक्षण किया। इसमें पाया गया कि बिजली विभाग के पास वर्तमान में मौजूद धनराशि से क्रशर तक लाइन नहीं पहुंच रही है। 800 मीटर लाइन डालने के बाद ही क्रशर प्लांट तक लाइन पहुंच सकेगी। इसके लिए 20 लाख रुपये की आवश्यकता होगी, उन्होंने जिलाधिकारी को भेजी निरीक्षण आख्या में स्थिति से अवगत कराया है।
वर्जन
लखनपुरा और गढि़या में नए फीडर का निर्माण हो रहा है। इससे क्रशर उद्योग को नए आयाम मिलेगा। वहां पर लाइन पहुंचाने के लिए कुछ लाइन कम पड़ रही है। उसके लिए जिलाधिकारी से बजट मांगा जा रहा है। - केके पांडेय, मुख्य विकास अधिकारी, ललितपुर