साइकिल और बाइक को टक्कर मारते हुए कार हैंडपंप से टकराई
कार का एअर बैग खुलने से कार सवार लोग सुरक्षित बचे
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के रेलवे स्टेशन के पास एक अनियंत्रित कार बृहस्पतिवार की रात को एक साइकिल और बाइक में टक्कर मारते हुए एक हैंडपंप से टकरा गई। हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ। कोतवाली क्षेत्र के रेलवे स्टेशन के पास बुंदेलखंड पैलेस से पहले एक कार ने बृहस्पतिवार को खूब उत्पात मचाया। कार सवार नशे में बताया जा रहा था। शहर में तेज व अनियंत्रित कार चलने से कई वाहन दुर्घटना होते-होते बचे। इसके बाद रेलवे स्टेशन के पास पहुंचने पर कार अनियंत्रित होकर एक साइकिल और पास में ही खड़ी बाइक से टकराते हुुए वहां लगे हैंडपंप से जा टकराई, जिससे हैंडपंप उखड़ गया। हालांकि इसमें किसी व्यक्ति को हानि नहीं पहुंची। वहीं कार का एअर बैग खुलने से कार में सवार लोग भी सुरक्षित बच गए। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुुलिस भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन उक्त कार सवार कार लेकर मौके से भाग निकले। स्थानीय लोगों के अनुुसार कार पर पुलिस लिखा हुआ था।