कैप्सन - सरकारी हैंडपंप में डली निजी मोटर
- फोटो : TALDEHATE
तालबेहट। नगर में इस समय पेयजल का गंभीर संकट चल रहा है। लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं। कुछ लोगों ने अपने स्वार्थ की खातिर सरकारी हैंडपंप पर कब्जा जमा लिया है तो कुछ ने अधिकारियों से सांठगांठ कर एक चालू हैंडपंप को रीबोर बताकर बंद करा दिया है। लोगों ने शिकायती पत्र देकर मामले की जांच कराने एवं दोषियों पर कार्रवाई करनेे की मांग की है। पुलिस चौकी के सामने बनी कॉलोनी में नवीन जैन मंदिर के पास गनेशपुरा जाने वाली गली में सरकारी हैंडपंप लगा है। इस पर मुहल्ले के एक व्यक्ति ने निजी मोटर डालकर उस पर अपना कब्जा जमा लिया है। इससे मुहल्ले के लोगों को पानी मिलना बंद हो गया है। मोटर डालने का विरोध करने पर धमकाता है। इस संबंध में आसपास के लोगों ने जल संस्थान के अवर अभियंता को शिकायती पत्र देकर निजी मोटर हटवाने की मांग की है।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य डा. एचके वर्मा ने उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर अवगत कराया कि वार्ड क्रमांक दो में पिछले दस दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप है। मकान के सामने लगे चालू हैंडपंप का फर्जी रीबोर बताकर उसे निकालकर एक अन्य व्यक्ति के दरवाजे लगा दिया गया है। जो पूरी तरह से गलत और शासकीय धन का दुरुपयोग है। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर पुराने स्थान पर हैंडपंप लगवाने की मांग की है।