संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर-बार। पुलिस भर्ती परीक्षा निरस्त होने से कई महीनों से तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के सपनों पर पानी फिर गया। युवाओं ने कहा कि महीनों से दिन-रात एक कर मेहनत करते हैं। पेपर भी अच्छा जाता है, इसके बाद पता चलता है कि पेपर लीक हो गया और परीक्षा निरस्त कर दी जाती है। इसमें कई अभ्यर्थी तो ऐसे भी होते हैं, जो आखिरी प्रतियोगी परीक्षा समझ कर कड़ी तैयार करते हैं, लेकिन जब पेपर लीक होने से परीक्षा निरस्त हो जाती है, तो उन्हें खासी मायूसी होती है।
महीनों से पुलिस के पेपर की तैयारी में लगी हुई थी। पेपर लीक होने से काफी निराश हूं। सरकार को छात्रों के भविष्य को लेकर सजग होकर पुलिस का ऑनलाइन पेपर करवाना चाहिए।- कीर्ति, अभ्यर्थी
पेपर लीक होने से काफी दुखी हूं। महीनों की तैयारी के बाद सारी उम्मीदों पर पानी फिर गया। सरकार को छह महीने के भीतर गृह जनपद में ही ऑनलाइन पेपर करवाना चाहिए।-नेहा अभ्यर्थी
युवाओं के भविष्य को देखते हुए सरकार को ऑनलाइन माध्यम से पेपर का आयोजन करवाना चाहिए, जिससे निष्पक्षता और शुचिता के साथ परीक्षा आयोजित हो सके।- युवराज सिंह, अभ्यर्थी
-
मुख्यमंत्री ने लाखों छात्रों के हितों का ध्यान रखा है। सरकार छह महीने के भीतर पारदर्शी तरीके से ऑनलाइन परीक्षा आयोजित करे, जिससे छात्रों का भविष्य सुरक्षित हो सके।- समीर सेन, अभ्यर्थी