किसी भी कोटा दुकान से राशन ले सकते हैं कार्डधारक
ललितपुर। नगरीय क्षेत्र में निर्धारित उचित दर की दुकान से संबंध कार्डधारकों को उनके यहां से ही राशन लेने की बाध्यता को समाप्त कर दिया गया है। अब कार्डधारक अपनी सुविधा अनुसार किसी भी दुकान से अनाज का उठान कर सकते हैं। यह व्यवस्था पूरे प्रदेश के नगरीय क्षेत्र में लागू की गई है। इस माह में अब तक जिले में करीब साढ़े छह सौ कार्डधारक इस सुविधा का लाभ ले चुके हैं।
इस महंगाई के दौर में निर्धनों को रियायती दरों पर अनाज उपलब्ध कराने के लिए राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम लागू किया गया है जिसके अंतर्गत पात्र गृहस्थी (निर्धन) एवं अंत्योदय कार्डधारकों को दो रुपये किलो चावल व तीन किलो गेहूं उपलब्ध कराया जाता है। इस समय जिले में 2,85,775 कार्डधारक हैं, इनमें 258494 पात्र गृहस्थी चिह्नित हैं जबकि 27281 अंत्योदय कार्ड(अति निर्धनतम) बने हैं। शासन ने उचित दर की दुकानों से अनाज वितरण में हो रही गड़बड़ी पर काफी हद तक अंकुश लगाने में सफलता अर्जित की है। वर्तमान में उचित दर की दुकानों पर ई-पॉस मशीन से अनाज का वितरण किया जा रहा है। इसी क्रम में कार्डधारकों को एक और सुविधा प्रदान की गई है, जिसमें कार्डधारक अपनी सुविधा अनुसार कहीं से भी राशन प्राप्त कर सकते हैं। पहले कार्डधारकों की अक्सर शिकायत रहती थी कि घर से उचित दर की दुकान दूर है। जब हम राशन लेने जाते हैं कोटेदार दुकान बंद करके चला जाता है। कोटेदार की मनमानी के चलते राशन पाने से वंचित हो रहे हैं। पोर्टेबिलिटी की सुविधा से अब कार्डधारकों को इस तरह की शिकायतों से छुटकारा मिल गया है। इस माह के शुरुआती पखवाड़े में छह सौ से अधिक कार्डधारकों ने इस सुविधा का लाभ प्राप्त किया है। माह के अंत तक इसके वास्तविक आंकड़े विभागीय कार्यालय को प्राप्त हो जाएंगे। इस संबंध में डीएसओ ने सभी पूर्ति निरीक्षकों को पत्र लिखा है। इसमें कहा गया है कि इस माह प्रारंभ की गई पोर्टेबिलिटी का उपयोग कितने कार्डधारकों ने किया है। इससे पहले पांच अगस्त को जिला पूर्ति अधिकारी विजय प्रभा ने जारी किए आदेश में बताया था कि माह अगस्त से नगरीय क्षेत्र में पोर्टेबिलिटी लागू हो गई है, जिसमें अंत्योदय, पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारक किसी भी उचित दर दुकान से आधार अथेन्टिकेशन के माध्यम से आवश्यक वस्तुएं प्राप्त सकते हैं। पूर्ति निरीक्षकों को निर्देशित किया जाता है कि वे अन्य विक्रेता के कार्डधारकों को वितरण की जाने वाली आवश्यक वस्तुओं के लिए पृथक से वितरण रजिस्टर कोटेदार से तैयार कराएं।
इतने हैं नगरीय क्षेत्र में कार्डधारक
ललितपुर नगर में 26403, महरौनी में 3023, पाली में 2088, तालबेहट में 2526 कार्डधारक हैं, जिन्हें पोर्टेेबिलिटी की सुविधा प्राप्त हो रही है।
आज से पहचानपत्र पर मिलेगा राशन
ई-पॉस मशीन पर जिन कार्डधारकों के अंगूठा मिलान नहीं हो रहे हैं और उन्होंने राशन नहीं लिया है। ऐसे कार्डधारकों को रियायत बरतते हुए पहचानपत्र के आधार पर राशन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। लखनऊ में बैठे अफसरों ने 24, 25, 26 अगस्त तारीख वितरण की तय की है।
इस माह नगरीय क्षेत्र में पोर्टेबिलिटी की सुविधा आरंभ हुई है। इसके लागू होने से उपभोक्ता अब कहीं से भी राशन ले सकता है। ग्रामीण क्षेत्र में भी इसे लागू करने के लिए एनआईसी काम कर रहा है। उन्होंने जल्द ही इसके प्रारंभ होने की उम्मीद जताई।
विजय प्रभा, जिला पूर्ति अधिकारी