केबल बक्सा फटा, डेढ़ सौ गांव की बिजली गुल
- फोटो : demo
ललितपुर। बाईपास स्थित विद्युत सब स्टेशन में एक फीडर का केबल बक्सा फटने से डेढ़ सौ गांव की बिजली गुल हो गई। वहीं, 33 केवी लाईन के टीपीएम में खराबी आ गई, जिससे ठीक करने में विभाग को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
बाईपास स्थित 33 केवी सब स्टेशन में स्थापित कालोनी, ग्राम निवाई, कल्यानपुरा, नदनवारा, मसौरा व दो नंबर फीडर के माध्यम से शहर के एक दर्जन मुहल्लों समेत करीब 150 गांव को बिजली आपूर्ति की जाती है। सोमवार शाम साढ़े सात बजे कालोनी-निवाई फीडर का केबल बक्सा अचानक फट गया, जिससे बिजली आपूर्ति गुल हो गई। रात साढ़े आठ बजे तक विद्युत कर्मियों द्वारा कालोनी निवाई फीडर को मसौरा फीडर से जोड़कर किसी प्रकार अल्टरनेटकर आपूर्ति दी गई। विभागीय अधिकारियों के निर्देश पर अगले दिन सुबह 10 बजे से रोस्टिंग समय में केबल बक्सा बदलने का कार्य किया गया। इसी बीच यहां यार्ड में स्थित 33 केवी लाइन के टीपीएम में खराबी आ गई, जिसके चलते समस्या और भी खराब हो गई। हालांकि, देर शाम साढ़े पांच बजे तक केबल बक्सा बदलने और टीपीएम सुधारने का कार्य पूर्ण कर बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी गई। यहां ऐसा पहली बार नहीं हुआ है कि केबल बक्सा फटने, ओसीबी मशीनों में खराबी या फिर कोई और विद्युत फाल्ट के चलते आए दिन बिजली आपूर्ति बाधित न रहती हो। इस मौके पर उपखंड अधिकारी द्वितीय प्रेमचंद, अवर अभियंता रमेश यादव व अन्य विद्युत कर्मी मौजूद रहे।