ललितपुर। नेहरू महाविद्यालय में सात दिनों से सत्याग्रह कर रहे एक प्रोफेसर के समर्थन में अब शिक्षक बूटा झांसी भी आ गया है। रविवार को बूटा के पदाधिकारी नेहरू महाविद्यालय पहुंचकर शिक्षक के समर्थन में सत्याग्रह में शामिल हुए।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय शिक्षक संघ झांसी (बूटा) के महामंत्री डॉ. अनिरुद्ध गोयल, सदस्य प्रो. ज्योति वर्मा, प्रो. बृजेंद्र सिंह बौद्ध नेहरू महाविद्यालय पहुंचकर प्रो. पंकज शर्मा की समर्थन में सत्याग्रह में बैठे। इसके साथ ही प्राथमिक शिक्षक संघ के नेता नवीन कुमार सिंह भी इस सत्याग्रह में शमिल हुए। बूटा महामंत्री ने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलसचिव ज्ञानेंद्र कुमार शुक्ला से वार्ता की। बताया कि कुलसचिव ने आश्वासन दिया है कि शीघ्र ही प्रो. पंकज शर्मा का निलंबन निरस्त किया जाएगा। प्रो. बृजेंद्र सिंह बौद्ध ने कहा कि शीघ्र प्रबंध समिति निलंबन निरस्त करें अन्यथा की स्थिति में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी में धरना प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी। प्रो.ज्योति वर्मा ने कहा कि उक्त प्रो.पंकज शर्मा को सुरक्षा दी जाए, उनका पूरा परिवार, बच्चे 25 माह से मानसिक कष्ट से गुजर रहा है।