संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से मतदाता जागरुकता अभियान के दूसरे दिन वार्ड नंबर 18 जगदीश मार्केट में व्यापारियों को शत प्रतिशत मतदान के प्रति जागरूक किया। साथ ही उन्हें मतदान करने व कराने की शपथ दिलाई। उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश चेयरमैन महेंद्र जैन मयूर ने कहा, अमर उजाला ने जो अभियान प्रारंभ किया है, उसमें सभी व्यापारी पूर्ण रूप से सहयोग करेंगे। वह स्वयं तो परिवार सहित मतदान करेंगे ही, साथ ही ग्राहकों व अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करेंगे।
वार्ड सभासद आलोक जैन मयूर ने कहा कि मतदान प्रत्येक व्यक्ति का मौलिक अधिकार है, इससे लोकतंत्र को मजबूती मिलती है। उन्होंने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इसमें वह न हिस्सा लेंगे, बल्कि पिछले लोकसभा चुनाव से अधिक मतदान कराने के लिए प्रयास करेंगे। नीरज गौना ने कहा कि मतदाता जागरुकता कार्यक्रम से लोगों को जुड़ना चाहिए, चुनाव लोकतंत्र का पर्व होता है। जिस प्रकार हम लोग धार्मिक कार्यक्रम में भागीदारी करते हैं, उसी प्रकार लोकतंत्र के महापर्व में मतदान देकर अपना योगदान करना चाहिए। इस दौरान उपेंद्र जैन, मनीष सिंघई, विजय सिंघई, राजू चौरसिया, राजीव नामदेव, वासुदेव पटवा, महेश सतभैया, अविनाश, मनमोहन आदि मौजूद रहे।