महरौनी (ललितपुर)। शुक्रवार दोपहर महरौनी-बानपुर मार्ग पर स्थित जामनी नदी में सवारी बस डूबने से बच गई। नदी पर बने पुतली घाट के रिपटे से चार फीट ऊपर पानी गुजरने के बाद भी ड्राइवर ने मनमानी करते हुए बस को निकालने का प्रयास किया, जिससे पहिए रिपटे से नीचे उतर गए। इससे बस में सवार चालीस सवारियों में अफरातफरी मच गई। शोर सुनकर दूसरी तरफ मौजूद ग्रामीण नदी में कूद पड़े और सभी सवारियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
ललितपुर से चलकर महरौनी के रास्ते कैलगुवां जाने वाली डाक सेवा सदन बस रोज की तरह शुक्रवार दोपहर लगभग 12:45 बजे महरौनी बानपुर मार्ग स्थित जामनी नदी के पुतली घाट रिपटा से होकर गुजर रही थी। बस में लगभग 40 सवारियां और स्कूली बच्चे सवार थे। रिपटा के ऊपर से लगभग चार फीट पानी बह रहा था। यात्रियों के अनुसार मना करने के बावजूद बस चालक ने जोखिम उठाते हुए पुल पार करने की ठानी और बस रिपटे पर उतार दी। जैसे ही बस बीच पुल पर पहुंची तो आगे के पहिये रिपटे के नीचे उतर गए। इससे आगे की ओर बस झुक गई। चालक ने तुरंत बस को रोक दिया।
नदी में बस उतरती देख सवारियों में अफरातफरी मच गई। भयभीत लोग जान बचाने के लिए नदी में ही बस से नीचे उतरने लगे। इस बीच नदी किनारे मौजूद स्थानीय ग्रामीण शोर सुनकर नदी में कूद पड़े। ग्रामीणों ने अधिकांश सवारियों को ट्रैक्टर के सहारे रिपटे पर भरे पानी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सकुशल बाहर आए यात्रियों ने बताया कि पुल पर काफी पानी देखकर उन्होंने बस चालक को रिपटे से बस निकालने से मना किया था, लेकिन उसने किसी की नहीं सुनी। बस चालक की इस लापरवाही से दर्जनों यात्रियों की जान जोखिम में पड़ गई। देर शाम तक बस नदी के रिपटे में फंसी रही।