बस कंडक्टर ने फांसी लगाकर दी जान
ललितपुर। थाना कोतवाली अंतर्गत ग्राम रौंड़ा निवासी एक व्यक्ति ने अज्ञात कारणों के चलते घर में ही फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक बस कंडक्टर था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम रौंड़ा निवासी कृपाल सिंह (40) पुत्र वीर सिंह की पत्नी और दो बच्चे मायके गए थे। बुधवार की सुबह नौ बजे तक कृपाल सिंह गांव में देखा गया और उसके बाद वह अपने घर में अंदर चला गया। इसके बाद दिन भर वह घर से बाहर नहीं निकला, जबकि दरवाजे खुले हुए थे। करीब तीन बजे के बाद पड़ोसियों को कुछ शंका हुई तो उन्होंने आवाज लगाई, लेकिन वह घर से बाहर नहीं निकला तो किसी ने अंदर जाकर देखा। वहां पर कृपाल सिंह कमरे में तौलिया के फंदे पर फांसी पर लटक रहा था। यह बात पूरे गांव में तेजी से फैल गई। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी डायल 100 पुलिस को दी, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आलोक सक्सेना ने बताया कि पुलिस फांसी लगाने के कारणों की जांच कर रही है।