ललितपुर। बुंदेलखंड पैकेज के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा कराए गए कार्यों का सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं, जो दो-दो विभागों से संबंधित कार्यों का निरीक्षण करेंगी। सत्यापन की रिपोर्ट 30 जून तक भारत सरकार को भेजी जानी है।
सोमवार को कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी डा. रूपेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में बताया गया कि नियोजन विभाग द्वारा भेजी गई टीम के सदस्यों द्वारा बुंदेलखंड पैकेज के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा कराए गए कार्यों का निरीक्षण एवं सत्यापन किया जाएगा। संयुक्त निदेशक नियोजन एवं मूल्यांकन विभाग डा. सत्यवीर सिंह ने बताया कि विभिन्न विभागों द्वारा कराए गए कार्यों के स्थलीय निरीक्षण के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं, जो दो-दो विभागों से संबंधित कार्यों का निरीक्षण करेंगी।
इसकी रिपोर्ट 30 जून तक भारत सरकार को प्रेषित की जाएगी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार, जिला विकास अधिकारी देवेंद्र प्रताप आदि अधिकारीगण मौजूद रहे।
जीर्णशीर्ण भवनों में बने पोलिंग बूथ बदले
ललितपुर। राजनीतिक दलों के साथ हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी डा. रूपेश कुमार ने बताया कि जीर्णशीर्ण भवनों में बने पोलिंग बूथों को बदल दिया गया है।
अपर जिलाधिकारी मिथलेश कुमार त्रिवेदी ने बताया कि ऐसे ग्राम/ मुहल्ले जिनमें मतदाताओं को मतदान के दौरान दो किमी से अधिक दूरी तय करनी पड़ती थी और वहां मतदाताओं की संख्या 300 से अधिक थी, ऐसे ललितपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में छह मतदेय स्थलों एवं महरौनी विधानसभा क्षेत्र में 17 मतदेय स्थलों में परिवर्तन किया गया है।
मतदेय स्थल जहां मतदाताओं की संख्या 1,500 से अधिक थी, चुनाव आयोग के निर्देशानुसार ललितपुर विधानसभा क्षेत्र में 29 मतदेय स्थल और महरौनी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 12 मतदेय स्थल बढाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के कार्यालय के 200 मीटर दूरी के भीतर अथवा उनके भवनों में स्थापित मतदेय स्थलों के भवनों का परिवर्तन किया गया है।
इस अवसर पर एसडीएम रमेश चंद्र, एसडीएम तालबेहट हरिओम शर्मा, एसडीएम मड़ावरा प्रदीप वर्मा, समाजवादी पार्टी जिलाध्यक्ष आल्हा प्रसाद निरंजन, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष रमेश सिंह लोधी, रामरतन कुशवाहा, उत्तम सिंह चौहान, गिरधारी लाल आदि उपस्थित रहे।