महरौनी के बाशिंदों को जल्द ही खुले तारों से छुटकारा मिल जाएगा। विद्युत निगम ने हाइटेंशन व एलटी लाइनों के खुले तारों को हटाकर उनकी जगह काली रबरयुक्त बंच केबल बिछाने का निर्णय लिया है, जिससे कि टाउन क्षेत्र में ओवरलोड की समस्याओं से जूूझ रहे उपभोक्ताओं को राहत मिल सकेगी।
शहरी क्षेत्र के बाद अब ग्रामीण उपखंडों के अंतर्गत ग्रामीण टाउन क्षेत्रों की स्थिति में सुधार किया जा रहा है। महरौनी स्थित 33 केवी विद्युत सब स्टेशन में स्थापित महरौनी फीडर से करीब 2600 उपभोक्ताओं के घरों को रोशन किया जाता है। महरौनी में वर्षों पूर्व बिछाए गए खुले विद्युत तार काफी जर्जर हो चुके हैं। फीडर पर ओवरलोड होने के कारण विद्युत तार आए दिन टूट जाते हैं, जिससे एक ओर राहगीरों के साथ अप्रिय घटना का अंदेशा बना रहता है, तो ओवरलोड की वजह से कई बार ट्रांसफार्मर भी फुंक जा रहे हैं, जिससे घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहती है।
क्षेत्रवासियों द्वारा लंबे समय से टाउन क्षेत्र के खुले तार बदलने की मांग की जा रही थी। इसी के चलते अब उत्तर प्रदेश पावर कार्पोरेशन द्वारा जनपद के ग्रामीण टाउन क्षेत्रों में भी खुले तार हटाकर नई काली रबरयुक्त बंच केबल बिछाने का निर्णय लिया है।
मालूम हो कि सबसे पहले नगरीय क्षेत्र में बंच केबल बिछाने का कार्य शुरू किया गया था। जबकि दूसरे चरण में तालबेहट के टाउन क्षेत्र में खुले तार हटाकर बंच केबल बिछाई गई। इसके बाद अब पावर कार्पोरेेशन द्वारा महरौनी के टाउन क्षेत्र में बंच केबल बिछाए जाने का निर्णय लिया गया है। प्राइवेट कंपनी द्वारा महरौनी टाउन में सर्वे कार्य शुरु कर दिया गया है। सर्वे होने के बाद क्षेत्र में बंच केबल बिछाने का कार्य शुरु हो जाएगा। महरौनी उपखंड अधिकारी प्रेमचंद ने बताया कि उक्त कार्ययोजना में ओवरलोड ट्रांसफार्मरों के स्थान पर अतिरिक्त ट्रांसफार्मर और लोड के हिसाब से कनेक्शनों को बैलेंस करने का कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही महरौनी नगर पंचायत का विस्तार होने के साथ ही विद्युत लाइन का विस्तार भी किया जाएगा और आबादी के अनुसार उस क्षेत्र में कनेक्शन की संख्या में वृद्धि के लिए ट्रांसफार्मर भी स्थापित किए जाऐंगे।