- पाइपलाइन के जरिए पहुंचेगा पानी, पाइपलाइन बिछाने के लिए एनओसी मिली
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। बल्क ड्रग पार्क के लिए जामनी बांध से 9.12 एमसीएम पानी लेने के लिए बांध पर इंटेकवेल बनाया जाएगा। इस इंटेकवेल से पानी पाइपलाइन के जरिए बल्क ड्रग पार्क तक पहुंचेगा। पाइपलाइन बिछाने के लिए एनओसी मिल चुकी है और इंटेकवेल निर्माण की एनओसी की प्रक्रिया उच्च स्तर पर चल रही है। जल्द ही मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
तहसील महरौनी से करीब दस किलोमीटर दूर ग्राम सैदपुर में 1500 एकड़ भूमि पर बल्क ड्रग पार्क का निर्माण प्रस्तावित है। इस चयनित जमीन पर चहारदीवारी और ब्लॉक बनाने सहित अन्य प्रक्रिया तेजी से चल रही है। बल्क ड्रग पार्क के लिए आवश्यक पानी के लिए सिंचाई विभाग से समझौता हुआ है। जिसके तहत जामनी बांध से 9.12 एमसीएम पानी लिया जाना है। इसके लिए बांध पर एक इंटेकवेल बनाया जाएगा। इंटेकवेल से बल्क ड्रग पार्क तक पाइपलाइन बिछाई जाएगी। जिसके जरिए पानी पहुंचेगा। यह पाइपलाइन जामनी नहर से करीब 10-15 मीटर के फासले पर बिछेगी। जिसके लिए स्वीकृति मिल गई है। वहीं इंटेकवेल निर्माण की प्रक्रिया उच्च स्तर पर चल रही है। जिसके जल्द ही मिलने की उम्मीद विभागीय अधिकारियों ने जताई है।
ऐसे मिलेगा पार्क को पानी
बल्क ड्रग पार्क के लिए प्रथम तीन वर्षों में पांच एमएलडी और इसके बाद पांच एमएलडी से बढ़ाकर 25 एमएलडी पानी दिया जाएगा। इस प्रकार से बल्क ड्रग पार्क के लिए 25 एमएलडी पानी (9.12 एमसीएम) देने की कार्ययोजना है।
12.48 रुपये प्रति हजार घनफीट के हिसाब से करना होगा भुगतान
बल्क ड्रग पार्क के लिए जामनी बांध से दिए जाने वाले पानी का रेट सिंचाई विभाग ने 12.48 रुपये प्रति घनफीट के हिसाब से तय किया है। साथ ही पानी की राॅयल्टी की दर 6 लाख प्रति क्यूसेक प्रतिवर्ष रखी गई है। अधिकारियों के अनुसार बल्क ड्रग पार्क को पानी देने के बाद सिंचाई विभाग को प्रतिवर्ष करीब 12 से 14 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होगा।
-
फैक्ट फाइल
- 92.87 एमसीएम बांध में पानी भंडारण क्षमता
- 67 एमसीएम पानी सिंचाई के लिए आरक्षित
- 1.42 एमसीएम वाणिज्यिक व पेयजल उपयोग को
- 6.76 एमसीएम हर घर जल नल योजना को आरक्षित
- 230.70 किलोमीटर लंबी नहर प्रणाली
- 14403 हेक्टेयर भूमि की जाती सिंचिंत
बल्क ड्रग पार्क को जामनी बांध से 25 एमएलडी पानी देने की स्वीकृति शासन द्वारा दी गई है। परियोजना के लिए पानी उपलब्ध कराने के लिए इंटेकवेल बनाया जाएगा। इंटेकवेल से पाइपलाइन बिछाकर बल्क ड्रग पार्क तक पानी पहुंचेगा। इसके लिए एनओसी मिल गई है। इंटेकवेल बनाने के लिए एनओसी प्रक्रिया चल रही है।
- भूपेश सुहेरा, अधिशासी अभियंता, सिंचाई खंड