ललितपुर। थाना जाखलौन अंतर्गत गांव देवगढ़ से दो किलोमीटर पहले एक तेज रफ्तार कार ने पैदल जा रहे जीजा, साले को टक्कर मार दी। एंबुलेंस से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां जीजा की मौत हो गई, जबकि साला गंभीर रूप से घायल हो गया। साले को हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
मध्य प्रदेश के थाना मालथौन के ग्राम गुंदरया निवासी चिंतामन (25) पुत्र भगोने ललितपुर के थाना जाखलौन क्षेत्र के गांव रमपुरा आया हुआ था। रविवार को वह रिश्ते में लगने वाले साले गांव रमपुरा निवासी पहाड़ सिंह (30) पुत्र प्रभु सहरिया के साथ देवगढ़ में लगने वाले मेले को देखने के लिए पैदल जा रहे थे।
देवगढ़ से दो किलोमीटर पहले ही सामने से आ रही तेज रफ्तार एक कार ने दोनों को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद दोनों काफी देर तक वहीं तड़पते रहे। राहगीरों ने एंबुलेंस को बुलाया और दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत चिंतामन को मृत घोषित कर दिया। जबकि पहाड़ सिंह की हालत गंभीर होने पर झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जानकारी मिलने पर मृतक व घायल के परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए।
मृतक की एक बेटी व दो बेटे हैं। मृतक की पत्नी भगवती ने बताया कि प्रसव होने के चलते वह दो माह पहले अपने मायके आई थी। उसके पति भी दो माह से मायके में ही रुके थे। उसे सोमवार को पति के साथ ससुराल वापस लौटना था।