ललितपुर। शहर में सड़क और नाली के साथ-साथ पुलियों की भी समस्या का निदान नहीं हो पा रहा है। विभिन्न वार्डों में कई नालियों पर या तो पुलिया क्षतिग्रस्त है या फिर सड़क से ऊंची बनी हैं, जिससे वाहन चालकों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
नालियों को पार करने के लिए छोटी-बड़ी पुलियों का निर्माण किया गया है। वर्तमान में कई वार्डों में जगह-जगह नालियों पर बनी पुलियां या तो क्षतिग्रस्त हो गई हैं या फिर सड़क से काफी ऊंची पुलियां बनी हुई हैं, जो परेशानी का सबब बन गई हैं। कई वाहन पुलिया पर फंस जाते हैं तो कई अनियंत्रित होकर गिर जाते हैं। दिव्यांगजनों को भी परेशानी हो रही है, उनकी तिपहिया साइकिल भी पलट जाती हैं। चार पहिया वाहन के टैंक ऊंची पुलियों पर क्षतिग्रस्त हो जाते हैं।
नेहरू महाविद्यालय के सामने शांतिनगर के लिए जाने वाले रास्ते पर बनी पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई है। बाबा सदनशाह की दरगाह के सामने नाली की पुलिया क्षतिग्रस्त है। मोहल्ला घुसयाना में हनुमान धारा मंदिर के रास्ते की आधी पुलिया एक ओर झुक गई है, जो कभी भी गिर सकती है। स्टेशन रोड पर कई महीनों से पुलिया का जाल दिखाई दे रहा है।
मोहल्ला शांतिनगर में सड़क व नाली की समस्या पहले से बनी है। इसके अलावा नाली पर बनी पुलिया भी समस्या बढ़ा रहा है। पुलिया का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है और अवशेष पुलिया भी कभी गिर सकती है।
- नारायण
शहर में जो पुलियां बनाई गई हैं, वह मानक अनुरूप नहीं हैं। इन पुलियों को मनमाने तरीके से बना दिया गया है। कहीं पुलियों को काफी ऊंचा बना दिया गया है, जो बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को बढ़ाती हैं। इसके बाद भी नगर पालिका इस ओर ध्यान नहीं दे रही है।
- रामदास श्रोतिय
नगर में व्यवस्थित तरीके से निर्माण कार्य नहीं हो रहे हैं, जिससे लोगों की समस्याएं कम नहीं हो रही हैं। मोहल्ला शांतिनगर और शिवनगर में सड़क, नाली व पुलिया की समस्या देखी जा सकती है।
- हिलकन
कई नालियों पर पुलियों को जो निर्माण कराया गया है, उनमें किसी तरह का लोहे का जाल नहीं बिछाया गया है। इस तरह की पुलिया दवाब पड़ने पर क्षतिग्रस्त हो रही हैं। नगर पालिका को ऐसी पुलियों का निर्माण कराना चाहिए जो लंबे समय तक टिकी रह सकें।
- राजू
हनुमानधारा मंदिर से शहर के कई लोगों की आस्था जुड़ी है। यहां समय-समय पर कई बड़े आयोजन किए जाते हैं। इसके बाद भी रास्ता ठीक नहीं है। इस पर जो पुलिया बनाई गई थी, वह अब एक ओर झुक गई है। ऐसे में भी कई वाहन इस पुलिया से होकर गुजरते हैं। इस स्थिति में कोई हादसा हो सकता है।
- गोपीदास महाराज
रावतयाना वार्ड में कई नालियों पर पुलियों के निर्माण की आवश्यकता है। आगामी बोर्ड बैठक में पुलिया निर्माण कराने की ओर सदन का ध्यानाकर्षित कराया जाएगा।
- जहीर अली रानू, सभासद, वार्ड 23, रावतयाना प्रथम
अवर अभियंता के साथ मौके का स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा। इसके उपरांत जहां भी मरम्मत या निर्माण की आवश्यकता है, उसके लिए कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. संजय कुमार मिश्रा, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद
देवगढ़़ मार्ग पर क्रॉसिंग के पास क्षतिग्रस्त पुलिया- फोटो : LALITPUR