- मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एडीएम को सौंपा, कार्रवाई की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। गांधीनगर के सभासद के साथ नगर पालिका कार्यालय में हुई मारपीट से ब्राह्मण महामंडल बिफर पड़ा। शुक्रवार को करीब 100 से अधिक लोग सड़कों पर उतर आए और ईओ को बर्खास्त करने व दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करते हुए नारेबाजी की। इसके बाद जिलाधिकारी आवास के बाहर पहुंचे। यहां अपर जिलाधिकारी ने पहुंचकर ब्राह्मण महामंडल की बात सुनी और जांच कराके दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
ब्राह्मण महामंडल के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में लोगों ने एकत्रित होकर घंटाघर से जिलाधिकारी आवास तक पैदल प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर अपर जिलाधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने मामले की निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया। ब्राह्मण महामंडल ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो वह सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। ज्ञापन पर जिलाध्यक्ष अशोक कुमार पटैरिया बट्टू, महामंत्री परमानंद तिवारी, प्रमोद गोस्वामी, नीरज रिछारिया, अंकित पटैरिया, विपिन पाठक, नेहा तिवारी, रितू समाधिया, शक्ति पाठक, गीता दुबे, राजेश दुबे, पवन कुमार संज्ञा, बृजेश कुमार बबेले, श्याम बिहारी चौबे, राजीव कुमार, संदेश तिवारी, आदित्य रिछारिया, अभिषेक दुबे, पवन तिवारी मौजूद रहे।
दूसरे पक्ष ने डीएम-एसपी को दिया शिकायती पत्र
नगर पालिका में हुए कर्मचारियों व सभासद के बीच विवाद के मामले में दूसरे पक्ष ने भी डीएम-एसपी को शिकायती पत्र दिया है। गांधीनगर निवासी मंजीत करौसिया ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया नौ जुलाई को दोपहर लगभग एक बजे अपना वेतन प्रमाण पत्र निकलवाने नगर पालिका परिषद कार्यालय गया था। उसने शिकायती पत्र में एक सभासद पर गंभीर आरोप लगाए हैं। यहां तक कि जान से मारने की कोशिश करने के भी आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से सभासद के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। शिकायती पत्र पर बृजेश, सनी कुमार, अजय कुमाार, विशाल आदि के हस्ताक्षर हैं।