ललितपुर। थाना जाखलौन के अंतर्गत ग्राम गंगारी में नहर में गिरकर मासूम की मौत हो गई। उसका शव करीब 12 किलोमीटर दूर तक बह गया। शव राजघाट चौकी के ग्राम भरपुरा के पास चौंरसिल माइनर में पड़ा मिला। राजघाट चौकी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना जाखलौन के ग्राम गंगारी निवासी सक्षम (5) पुत्र सुदामा अहिरवार सोमवार की शाम को लगभग पांच बजे शौच के लिए नहर के पास गया था, इसी दौरान वह लापता हो गया। जब वह काफी देर तक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने बच्चे को घर, बाहर और गांव में आसपास सभी जगह तलाश किया। उसके नहर में गिरने की आशंका पर उन्होंने नहर में काफी दूर तक तलाश किया, लेकिन बच्चे का कहीं पता नहीं चला। परेशान परिजनों ने इसकी जानकारी जाखलौन पुलिस को दी। पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया, रात करीब 10 बजे जाखलौन पंप केनाल की नहर बंद कराई और फिर से तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन रात में बच्चे का कहीं पता नहीं चल सका। मंगलवार की सुबह करीब 10 बजे बच्चे का शव घटनास्थल से करीब 12 किलोमीटर दूर राजघाट चौकी के ग्राम भरतपुरा के पास से निकली चौंरसिल माइनर में पुलिया के पास पड़ा मिला। जिस पर ग्रामीणों ने राजघाट चौकी पुलिस को इसकी सूचना दी और राजघाट चौकी पुलिस ने जाखलौन पुलिस को बताया। जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंच गए और शव की शिनाख्त की गई। राजघाट चौकी पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृत बालक की उससे बड़ी दो बहनें हैं। मृत बालक के चाचा देशराज ने इसकी जानकारी दी।