तालबेहट। जिला पंचायत के दशहरा लंका मैदान की चारदीवार गिराने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सोमवार को जिला पंचायत के अवर अभियंता ने रानीपुरा निवासी एक नामजद सहित एक अज्ञात पर शासकीय संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
एक सप्ताह पूर्व कुछ लोगों ने चारदीवार को तोड़ दिया था। इसे लेकर लोगों में तरह- तरह की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया था। प्रशासन की सक्रियता के बाद रविवार को इसे फिर से बना दिया गया था। सोमवार को जिला पंचायत ललितपुर के अवर अभियंता दिनेश कुमार ने कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र देते हुए अवगत कराया कि तालबेहट स्टेशन रोड़ पर स्थित रैन बसेरा और लंका मैदान की जमीन के चारों ओर बाउंड्रीवॉल बना कर सुरक्षित किया गया है। इसमें बताया गया है कि बाउंड्रीवाल से लगी मस्जिद, ईदगाह के पीछे जिला पंचायत की बाउंड्रीवाल को एहसान खान निवासी रानीपुरा तालबेहट द्वारा लगभग बीस मीटर दीवार साथियों के साथ मिलकर 18 मार्च को तोड़ दी गई थी। इस मामले में एहसान खान और एक अन्य पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया। ब्यूरो