साईं मंदिर के पास सड़क पर टैंकर का पानी फैलता
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। जल संस्थान ने अवैध कनेक्शनों से निपटने के लिए पानी की टंकी में बूस्टर लगाने का निर्णय लिया है। जल संस्थान के अफसरों ने इसकी खरीद के लिए नगर पालिका से धनराशि मांगी है।
शहर में तेरह हजार से अधिक कनेक्शन हैं। इनके माध्यम से लोगों के घर-घर पानी की आपूर्ति होती है। बड़ी संख्या में अवैध कनेक्शन होने के कारण जिन लोगों के यहां कनेक्शन हैं, उन्हें पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता है। इससे वह परेशान रहते हैं। विभाग ने मेन राइजिंग लाइन में लिए गए अवैध कनेक्शनों से निपटने के लिए कसाई मंडी व गांधीनगर टंकी में बूस्टर लगाने का फैसला किया है। जलसंस्थान ने इसके लिए नगर पालिका से 25 लाख रुपये की मांग की है। बूस्टर लगाने से अवैध कनेक्शन धारकों को पानी मिलना मुश्किल हो जाएगा, साथ ही पाइप लाइन फटने की संभावना न बराबर रह जाएगी। अब विभागीय अफसरों को धनराशि मिलने का इंतजार है।
कीमती पानी की बर्बादी
सोमवार को साईं मंदिर के आगे सड़क पर जलसंस्थान के टैंकर में भरा पानी बर्बाद होता रहा। इसे देखने वाला आसपास कोई नजर नहीं आया। यदि यही पानी जरूरतमंदों को मिल जाता तो शायद वह जल संस्थान के अधिकारियों को दुआयें देते।