संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश की समृद्धि सांस्कृतिक विरासत उत्तर प्रदेश दिवस का भव्य शुभारंभ राजकीय इंटर काॅलेज में किया गया। सूचना विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक संस्थाओं ने लोकगीत व लोकनृत्य की प्रस्तुति दी। इस दौरान विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए।
कार्यक्रम में बीसी सखी रश्मि परिहार, रचना, प्रिंटिंग मशीन एवं साड़ी का वितरण किया गया। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थी जानकी देवी, नीलम सोनी, छाया, ममता, रश्मि कुशवाहा, रामदेवी, आरती झा, कमलेश व छाया को निशुल्क गैस चूल्हा कनेक्शन मिला तथा हाईस्कूल व इंटर में उत्कृष्ट उत्तीर्ण मेधावी छात्राओं को स्मृति चिन्ह, प्रमाणपत्र व प्रोत्साहन राशि का वितरण किया गया। 24 से 26 जनवरी तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, 25 को विभागीय प्रदर्शनी, मतदाता दिवस की शपथ, रंगोली, चित्रकला, भाषण, वाद-विवाद प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर राज्यमंत्री श्रम एवं सेवायोजन विभाग, मनोहर लाल पंथ, विधायक सदर रामरतन कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण निरंजन, जिला अध्यक्ष भाजपा राजकुमार जैन, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि मुन्नालाल, एसपी मोहम्मद मुस्ताक, सीडीओ कमलाकांत पांडेय, पीडी डीआरडीए एके सिंह, डीसी मनरेगा रविंद्र वीर यादव, डीडीओ केएन पांडेय, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी राजेश कुमार बघेल, ईओ निहालचंद्र, सहायक निदेशक सूचना सुरजीत सिंह आदि मौजूद रहे।