संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। बड़ापुरा निवासी सूरज कुशवाहा (45) का शव घर के अंदर संदिग्ध हालात में बिस्तर पर पड़ा मिला। उसके मुंह से खून निकल रहा था जो जमीन पर भी गिरा हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की।
मृतक के पुत्र बाबू कुशवाहा ने बताया कि उसका पिता नशा करने के आदी था और कबाड़ बीनते थे। बृहस्पतिवार की सुबह उसके पिता कबाड़ी के पास गए थे। सुबह करीब 10 बजे वह लौटकर घर आया तो उन्होंने उससे दुकान पर न जाने का कारण पूछा। इसके बाद वह कटरा बाजार स्थित चाय की दुकान पर काम पर काम करने चला गया था। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे वह पानी व खाना का थैला उठाने के लिए घर पहुंचा तो देखा कि उसके पिता बिस्तर पर पड़े हैं और मुंह से खून निकल रहा है। यह देखकर उसने पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति को बुलाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी तो सीओ सदर सुनील भारद्वाज, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी सहित फोरेंसिक जांच टीम मौके पर पहुंच गई।
सूरच की पत्नी कई वर्ष पूर्व अपनी पुत्री को लेकर चली गई थी। जबकि बाबू अपने पिता के साथ रहता था और कटरा बाजार में स्थित एक चाय की दुकान पर काम करता है। सीओ सदर सुनील भारद्वाज ने बताया कि सूरज को टीबी की बीमारी थी। बीमारी की वजह से उसकी मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत की वजह टीबी की बीमारी ही आई है।