जखौरा/ललितपुर। थाना जखौरा के ग्राम गुरसौरा निवासी अरविंद (33) का शव रविवार शाम मेला ग्राउंड के सामने चक्की चौराहे पर नीम के पेड़ से रस्सी के फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की। भाई ने घटना के कारणों की जांच करने की मांग पुलिस से की है।
तक के बड़े भाई देशराज ने बताया कि अरविंद हैदराबाद स्थित एक फैक्टरी में मशीन ऑपरेटर के रूप में काम करता था। छह माह पूर्व वह घर आया था। रविवार सुबह करीब 10 बजे खाना खाने के बाद वह घर से निकल गया था। परिजन खेत पर फसल काटने गए थे। शाम करीब सात बजे लोगों ने मेला ग्राउंड के सामने चक्की चौराहे पर नीम के पेड़ से रस्सी के फंदे पर अरविंद को लटका देखा और परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की। अरविंद दो भाई- एक बहन में छोटा था और वह अविवाहित था। भाई देशराज ने किसी व्यक्ति से उसके भाई का विवाद होने की आशंका जाहिर करते हुए पुलिस से जांच कर घटना के कारणों का पता लगाने की मांग की है। सीओ सदर अजय कुमार ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या है। इसके कारणों की जांच की जा रही है।