ललितपुर। तहसील पाली अंतर्गत ग्राम बमनौरा निवासी ग्रामीणों ने छह साल पूर्व फुंकी गांव की डीपी ( ट्रांसफार्मर) बदलवाकर बिजली आपूर्ति सुचारु किए जाने की मांग की है।
विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को दिए प्रार्थना पत्र में ग्रामीणों ने बताया कि विद्युत विभाग ने उनके गांव में लगभग सात - आठ वर्ष पूर्व विद्युतीकरण किया था। ग्राम वासियों ने घरेलू उपयोग के लिए विद्युत संयोजन लिए थे।
संयोजन मिलने के दो माह बाद ही गांव में रखी डीपी जल गई और तभी से ग्राम वासियों को डीपी सही होने का इंतजार है। ग्रामीण कई बार विभाग में मामले की शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कुछ नहीं हुआ।
ग्रामीणों ने बताया कि छह साल से गांव में बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है, लेकिन इसके बाद भी गांव के कम्मोद को 12,267 रुपए का बिजली का थमा दिया गया। इस प्रकार अन्य उपभोक्ताओं को भी बिजली के बिल थमा दिए गए हैं,
जिससे वह परेशान हैं। उन्होंने गांव में नई डीपी रखवाए जाने की मांग की है। इस मौके पर विक्रम सिंह, सुक्का सहरिया, कम्मोद सहरिया, प्रेम सहरिया, हलकन सहरिया आदि उपस्थित रहे।