ललितपुर। दो दिनों से जनपद के दो सैकड़ा से अधिक गांवों में अंधेरा पसरा है। सोमवार और मंगलवार को आई आंधी से बांसी, बिरधा, पाली, बाईपास व गल्लामंडी विद्युत सब स्टेशनों के करीब 78 विद्युत पोल टूटे पड़े हैं। अब तक इनकी मरम्मत न होने से बिजली आपूर्ति ठप है।
सीजन की पहली आंधी-बारिश से जनपद की बिजली व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई। बांसी, बिरधा, पाली, बाईपास व गल्लामंडी विद्युत सब स्टेशनों की लाइन में जगह-जगह खंभे टूट गए हैं। बार फीडर से जुड़े कठवर, रमपुरा, खेरा, धनगौल समेत करीब पांच दर्जन गांव में तीन दिन बाद अब भी अंधेरा पसरा हुआ है। बाईपास सब स्टेशन से जुड़े ग्राम गोगला, हरपुरा, खोंखरा, पटराई, कचनौंदा समेत करीब डेढ़ सौ गांवों की बिजली दो दिन से ठप चल रही है। इसी तहर बांसी व पाली विद्युत सब स्टेशनों की लाइन के खंभे टूटने से करीब ढाई सौ गांव की बिजली ठप रही। रोड़ा 132 केवी सब स्टेशन से बांसी विद्युत सब स्टेशन को जाने वाली 33 केवी लाइन के नौ हाइटेंशन विद्युत खंभे सोमवार की शाम करीब साढ़े सात बजे टोल प्लाजा के आगेे ग्राम चीरा के पास तेज हवा केे चलते टूट गए। रोड़ा सब स्टेशन में स्थापित बांसी, बार, लखनपुरा फीडर के खंभे टूटने से करीब सवा सौ गांव की बिजली आपूर्ति दो दिन तक ठप रही। बुधवार को बांसी और लखनपुरा फीडर को जखौरा पावर हाउस से जोड़कर आपूर्ति सुचारु की गई।
इन गांवों में टूटे हैं खंभे
बाईपास विद्युत सब स्टेशन में स्थापित निवाई फीडर के ग्राम झरकौन में तीन खंभे, खड़ेरा में दो, मसौरा खुर्द में तीन, घटवार में चार, मसौरा फीडर के अंतर्गत ग्राम चढ़रऊ में दो, टेनगा में दो, सतरवांस में एक, पॉलीटैक्निक में एक, कल्यानपुरा फीडर के अंतर्गत ग्राम बिरारी में मैन लाइन के दो खंभे, श्यामपुरा में दो, तोर खिरया में पांच, पुरा पाचौनी में एक, बानौनी में एक, तोरखिरया में एक और नदनवारा फीडर के अंतर्गत टोल प्लाजा के पास दो, ग्राम विघाखेत के पास तीन, नदनवारा में एक, विघाखेत में एक, धोवनखेरी में तीन, खड़ोवरा में तीन, दुर्जनपुरा में छह, व अमरपुर में दो खंभे टूटे गए हैं। इसी प्रकार बिरधा और पाली सब स्टेशन के अंतर्गत ग्राम क्यौलारी में 11 हजार केवी लाइन के चार खंभे, झरावटा में एक खंभा टूट गया। जबकि, पाली बिरधा को जाने वाली 33 केवी लाइन के क्रॉस आरम और पाली के पास 33 केवी के तीन खंभे, घटवार के पास एक खंभा और भौंरदा के पास सोमवार की शाम करीब चार बजे दो पोल टूट गए थे। ये पोल अब तक नहीं सुधारे जा सके हैं।
हाईटेंशन लाइन पर गिरा पेड़, शहर की बिजली गुल
शहर के गल्ला मंडी सब स्टेशन में स्थापित फीडर नंबर एक, तीन, चार, पांच, नेहरूनगर, पिसनारी, गोविंदनगर, राजघाट व देवगढ़ फीडर की बिजली मंगलवार की शाम साढ़े पांच बजे आंधी-बारिश के कारण बंद कर दी गई। फीडर तीन की बिजली रात सवा बारह बजे सुचारु की, लेकिन तभी सिंचाई विभाग कालोनी, व डैम रोड पर पेड़ गिरने से हाइटेंशन तार टूट गए, जिससे आधा दर्जन से अधिक मुहल्लों की बिजली ठप रही। रात सवा बारह बजे गोविंद नगर फीडर के हाइटेंशन तार आपस में लिपटने के चलते आपूर्ति ठप हो गई। मंगलवार की देर रात दो बजकर पांच मिनट पर सिंचाई कालोनी क्षेत्र की बिजली काटकर सुचारु की गई। वहीं, राजघाट फीडर के अंतर्गत मंगलवार की देर शाम साढ़े पांच बजे बंद हुई बिजली बुधवार की सुबह 7.55 बजे नवोदय विद्यालय तक और दूसरी ओर रावगढ़ तक सुचारु की जा सकी। करीब बीस गांव की बिजली बुुधवार की देर शाम तक सुचारु करने के प्रयास जारी रहे। इसी प्रकार देवगढ़ फीडर की बिजली भी मंगलवार की शाम को बंद होने के बाद ग्राम खिरिया में हाइटेंशन लाइन का एक खंभा टूटने के चलते बुधवार की सुबह साढ़े आठ बजे फीडर के पहले ग्राम महेेशपुरा तक सुचारु हो सकी। बुधवार की शाम तक अन्य गांव की बिजली आपूर्ति हो सकी।