कलेक्ट्रेट में जहर खाने के बाद जिला चिकित्सालय मे भर्ती भाजपा नेता
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। ग्राम प्रधान और उसके साथियों से तंग आकर भाजपा बूथ अध्यक्ष ने बुधवार को कलक्ट्रेट परिसर में जहर खा लिया। सूचना पर पहुुंची पुलिस ने युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि बाद में तबीयत में सुधार होने पर उसे डिस्चार्ज कर दिया गया।
थाना जखौरा के अंतर्गत ग्राम कारी पहाड़ी निवासी भाजपा बूथ अध्यक्ष राहुल यादव पुत्र प्रकाश यादव ग्राम प्रधान और उसके साथियों पर फर्जी मुकदमा में फंसाने और परेशान करने के आरोप को लेकर जिलाधिकारी को शिकायत पत्र देने कलक्ट्रेट गया था। जहां पर उसने प्रार्थना पत्र देने से पहले जहर खा लिया। इसके बाद वह कार्यालय में चिल्ला-चिल्ला कर ग्राम प्रधान और उसके साथियों पर उत्पीड़न करने और हरिजन एक्ट के मामले में फर्जी फंसाए जाने का आरोप लगाने लगा। इसी बीच युवक की हालत बिगड़ गई। यह देख आसपास मौजूद लोग दौड़े। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर भर्ती कर उपचार दिया गया। हालांकि बाद में सेहत में सुधार होने पर उसे डिस्चार्ज कर दिया। उधर, पुलिस जब राहुल यादव को अस्पताल ले जा रही थी तब उन्होंने पत्रकारों को बताया कि बीते माह ग्राम प्रधान और उसके साथी ने पिता पर एससी-एसटी एक्ट का मामला दर्ज करा दिया था। वह लोग आए दिन मारपीट कर एक एकड़ जमीन की मांग कर रहे हैं। न देने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इसको लेकर कोई सुन नहीं रहा है। इस कारण से उन्होंने गेहूं में डालने वाली कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया।
--------
राहुल यादव भारतीय जनता पार्टी का बूथ अध्यक्ष है। उसने किसी समस्या और उत्पीड़न को लेकर कोई जानकारी नहीं दी। मेरे अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसे डिस्चार्ज किया जा चुका है। परेशानी या उत्पीड़न होने पर सदर विधायक और मुझे बताना चाहिए था। जगदीश सिंह लोधी एडवोकेट, जिला अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी
-------
पुलिस द्वारा लाए गए युवक ने जहर खाया था। उसे अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया गया। हालत में सुधरने पर डिस्चार्ज कर दिया गया। डॉ. अमित चतुर्वेदी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला अस्पताल पुरुष
-------
कलक्ट्रेट परिसर में एक युवक के जहर खाने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंच कर युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया । संजय कुमार शुक्ला, प्रभारी निरीक्षक, सदर कोतवाली