ललितपुर/ तालबेहट। ब्लाक तालबेहट के ग्राम गूगर में सात चिड़ियों की एक साथ मौत होने से लोगों में हड़कंप मच गया। देश के कई इलाकों में फैले बर्ड फ्लू के कारण चिड़ियों की मौत से लोगों में दहशत मच गई। इसकी सूचना जिला प्रशासन को दी गई। व्हाट्सऐप के माध्यम से मैसेज एक- दूसरे को भेजे जाने लगे। तड़के से ही इसको लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया।
एक तो कोरोना, दूसरे देश के कई राज्यों में बर्ड फ्लू फैलने के कारण प्रशासन परेशान है। प्रदेश सरकार ने सभी जिलों के अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए है। सोमवार की सुबह ब्लाक तालबेहट के ग्राम गूगर में ग्रामीणों ने एक पेड़ के पास आधा दर्जन चिड़ियों को मृत पड़ा देखा। उन्होंने बर्ड फ्लू की आशंका के चलते इसकी सूचना अफसरों को दी। सूचना मिलने के बाद माताटीला वन विभाग के अधिकारियों तथा पशु चिकित्सकों की टीम मौके पर गई और मृत चिड़ियों का पोस्टमार्टम कराया। हालांकि, चिड़ियों की मौत की वजह ठंड होने के कारण प्रशासन ने राहत की सांस ली।
-----
पोस्टमार्टम को लेकर हुआ विवाद
मृत चिड़ियों के पोस्टमार्टम को लेकर तालबेहट में पदस्थ पशु चिकित्सक का उच्चाधिकारियों से विवाद हो गया। इसके बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर ग्राम पूराकलां में पदस्थ पशु चिकित्सक डा. पूजा जैन को मृत चिड़ियों के पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
----------
अधिकारियों के निर्देश पर ग्राम गूगर में चिड़ियों का पोस्टमार्टम किया गया। इनमें किसी बीमारी के लक्षण नहीं मिले।
- डा. पूजा जैन, पशु चिकित्साधिकारी पूराकलां
----
ग्राम गूगर में मृत पक्षियों का पशु चिकित्सक द्वारा पोस्टमार्टम किया गया है। दो दिन बाद विस्तृत रिपोर्ट आएगी।
- तोहीद अहमद, वन रक्षक गूगर बीट, माताटील्रा रेंज
-------
तालबेहट विकासखंड के अंतर्गत ग्राम गूगर में मृत पक्षियों में बर्ड फ्लू के कोई लक्षण नहीं पाए गए। पोस्टमार्टम में पाया गया है कि पक्षियों की मृत्यु ठंड लगने से हुई है।
- पीयूष चंद्र राय, जिला सूचना अधिकारी
---------------