संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। यूपी-एमपी से बाइक चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से मध्य प्रदेश के शिवपुरी जनपद क्षेत्र से चुराई गई दो बाइकें बरामद हुईं। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अपराधियों को गिरफ्तार करने का अभियान चला रही है। थाना मड़ावरा पुलिस ने सोमवार को मुखबिर की सूचना पर रोहिणी बांध तिराहा के पास से चार लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने अपना नाम पुष्पेंद्र सिंह लोधी, तुलसीराम सिंह लोधी, भानू लोधी निवासी ग्राम बम्हौरीकलां थाना मड़ावरा और राजेश निवासी ग्राम बड़ी पीडार, थाना गिरार बताया।
आरोपियों ने बताया कि उन लोगों का एक गिरोह है। अलग-अलग राज्यों व जनपदों से बाइक चोरी करते हैं। चोरी की बाइकों को कुछ दिन चलाने के बाद बेच देते हैं और इससे मिलने वाले रुपयों को आपस में बांट लेते हैं। दो बाइकें उन लोगों ने मध्य प्रदेश के जनपद शिवपुरी के करैरा से कुछ दिन पूर्व चोरी की थी। गिरोह का भंडाफोड़ करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजेश कुमार, चंद्रपाल, सिपाही विक्रम आदि शामिल रहे।
-
राजघाट रोड से भी एक आरोपी को पकड़ा
ललितपुर। थाना जखौरा प्रभारी निरीक्षक हरीशंकर चंद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोमवार को मुखबिर की सूचना पर ग्राम लागौन के पास राजघाट रोड से रामजी लोधी निवासी ग्राम ननौरा थाना जखौरा हाल निवासी नेहरूनगर थाना कोतवाली को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी की दो बाइक बरामद हुई। आरोपी ने बताया कि बरामद बाइकों में से एक को उसने दो माह पूर्व मंडी से चोरी की थी। जबकि, दूसरी बाइक को बानपुर रोड के पास चुराया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया।
मड़ावरा पुलिस ने अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। आरोपियों के पास से चुराई गई दो बाइकें बरामद हुईं। जखौरा पुलिस ने भी चोरी की दो बाइकों के साथ एक आरोपी को पकड़ा है।
मोहम्मद मुश्ताक, पुलिस अधीक्षक