जिला मुख्यालय से लौट रहे तहसीलदार ने पुलिस और एंबुलेंस को दी हादसे की सूचना
संवाद न्यूज एजेंसी
तालबेहट। राजमार्ग पर टेटा और जमालपुर के पास शुक्रवार शाम लगभग छह बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार हीरो रैकवार (30) की मौत हो गई, जबकि उसका साथी दीपक कुशवाहा (25) गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के मुताबिक सिलगन निवासी हीरो रैकवार अपने साथी दीपक कुशवाहा के साथ बाइक से ललितपुर की ओर जा रहा था। अचानक अज्ञात वाहन ने जमालपुर और टेटा के बीच जोरदार टक्कर मार दी। दोनों बाइक सवार गिर पड़े और वाहन चालक मौके से भाग गया।
जिला मुख्यालय से लौट रहे तहसीलदार पीयूष भार्गव ने सड़क पर पड़े दोनों युवकों को देखा और तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। तेरई फाटक चौकी प्रभारी बलराम शर्मा मौके पर पहुंचे और आसपास के खेतों में मौजूद लोगों से घटना के संबंध में जानकारी लेकर दोनों को मेडिकल कॉलेज भेज दिया। डॉक्टरों ने हीरो रैकवार को मृत घोषित किया, जबकि दीपक कुशवाहा का इलाज जारी है।