ललितपुर-मड़ावरा। थाना गिरार अंतर्गत ग्राम गर्रौली निवासी करिया (45) पुत्र तुलैया अहिरवार बुधवार को मध्य प्रदेश के मदान गांव से वापस लौट रहा था। अभी वह मड़ावरा क्षेत्र के ग्राम सुकलगुवां के पास ही पहुंचा था कि तभी उसकी तेज रफ्तार बाइक लहरदार मोड़ पर असंतुलित होकर महुआ के पेड़ से टकरा गई। मौके पर राहगीरों ने उसे मड़ावरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना गिरार अंतर्गत ग्राम गर्रौली निवासी करिया अहिरवार बीते रोज बुधवार को सागर जिला के ग्राम मदान में रिश्तेदारी में फलदान समारोह में शामिल होने गया था। इसके बाद वह अपनी बाइक से रात को अपने गांव लौट रहा था। रात करीब आठ बजे जब वह मड़ावरा क्षेत्र के सुकलगुवां गांव के पास ही पहुंचा था तभी अंधे मोड़ पर उसकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और उसकी बाइक उछलकर महुआ के पेड़ से जा टकराई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहां से निकल रहे राहगीरों ने यह देख उसे किसी प्रकार उपचार के लिए मड़ावरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मड़ावरा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के दो बेटे व एक बेटी हैं।