ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के कस्बा बिरधा के पास हाईवे पर एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई, जिससे उसकी मौत हो गई। कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली तालबेहट के कस्बा तालबेहट निवासी राजू कुशवाहा (26) पुत्र रामदास कुशवाहा मंगलवार की सुबह अपनी बाइक से बिरधा के आगे किसी काम से जा रहा था। अभी वह बिरधा के पास हाईवे पर ही पहुंचा था कि उसकी तेज रफ्तार बाइक दूसरी बाइक द्वारा ओवरटेक करने के चलते अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसके प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों को सूचना दी गई। उसकी हालत गंभीर होने पर उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, लेकिन झांसी ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। जिस पर परिजन उसे वापस जिला अस्पताल ले आए। मृतक के दो बेटे हैं और वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था।