यातायात माह नवंबर में लोगों को यातायात के नियमों के प्रति जागरुक करने के लिए जनपद में विभिन्न स्थानों पर जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कार्यशाला का आयोजन किया गया जहां यातायात नियमों व संकेतों की जानकारी दी गयी। शहर में बाइक रैली निकालकर बाइक चलाते समय जनता को हेलमेट लगाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यशाला में मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक डि प्रदीप कुमार ने कहा कि यातायात नियम वाहन चालकों के बहुमूल्य जीवन की सुरक्षा के लिए ही बनाये गये हैं। उन्होंने कहा कि बच्चे जब तक 18 वर्ष की आयु सीमा पार न कर लें तब तक अभिभावक वाहन चलाने के लिए कतई न दें। इसी क्रम में सदर क्षेत्राधिकारी हिमांशु गौरव ने कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनायें यातायात नियमों व संकेतों का पालन न करने से होती हैं। बाइक चलाते समय हेलमेट आवश्यक है, जिससे कि बहुमूल्य प्राण बच सकें।
इसीक्रम में एआरटीओ सोमलता यादव ने कहा कि यातायात के नियम हमारी ही सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं, इसके लिए हमें इनका पालन करना चाहिए। इस दौरान देवेन्द्र राय एण्ड ग्रुप द्वारा यातायात नियमों को लेकर एक लघु नाटिका की प्रस्तुति की गई।
इस दौरान टीवीएस परिवार की ओर से हेमंत जैन रोड़ा, जयपाल सिंह ऐरा, महेंद्र दुबे, शत्रुघ्न यादव, बृज बिहारी मिश्रा, अंकित पटैरिया, अंकित यादव, सुरेन्द्र नायक, सविता, नेहा, रत्नेश दीक्षित, राघवेंद यादव, सुमित जायसवाल, मोंटी शुक्ला, अमित श्रीवास्तव, गौरव राजपूत व पुलिस विभाग से रेडियो शाखा प्रभारी अनिल रावत, कंट्रोल रुम प्रभारी नीरज दीक्षित, महिला थानाध्यक्ष प्रीति दीक्षित, टीएसआई राम सहाय आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर पुलिस अधीक्षक ने हेलमेट रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जो कि सीओ सदर के नेतृत्व में शहर के अंदर प्रमुख चौराहों से होती हुई वापस कार्यक्रम स्थल पर पहुंची। कार्यक्रम के अंत में सभी लोगों का आभार हेमंत जैन रोड़ा ने व्यक्त किया।