ललितपुर। तहसील तालबेहट अंतर्गत ग्राम सभा भुचेरा चांदरा के लोगों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर ग्राम प्रधान पद को अनुसूचित जाति में आरक्षित करने की मांग की है।
आपत्ति पत्र में बताया कि वर्ष 1995 से लेकर वर्ष 2021 आ गया लेकिन प्रधान पद अनुसूचित जाति में आरक्षित नहीं की गई। दो दशक से सामान्य वर्ग के लोग ही प्रधान पद का दुरुपयोग करते आ रहे हैं। ग्राम सभा में एक हजार दो सौ से अधिक मतदाता अनुसूचित जाति के हैं। इसके बाद भी इस सीट को पिछड़े वर्ग में की जा रही है। ऐसे में अनुसूचित जाति के लोग खुद को छला सा महसूस कर रहे हैं। आपत्ति देने वालों में कमलेश कुमार, राममनोहर, महीप, दयाराम, वीरेंद्र, कैलाश, हरीराम, भैयालाल, शिवचरन, लालाराम, सरमन व परसादी आदि शामिल रहे।
सिलगन में सामान्य वर्ग की सीट होने पर लगाई आपत्ति
ललितपुर। ब्लॉक जखौरा अंतर्गत ग्राम सिलगन के लोगों ने प्रधान पद सामान्य वर्ग में किए जाने पर अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। इसमें बताया कि ग्राम प्रधान की सीट सामान्य वर्ग के स्थान पर अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित की जानी चाहिए थी। इससे पूर्व के चुनाव में प्रधान की सीट वर्ष 1995 में सामान्य वर्ग, वर्ष 2000 में सामान्य वर्ग, वर्ष 2005 में पिछड़ी जाति, वर्ष 2010 में सामान्य, वर्ष 2015 में सामान्य महिला के लिए आरक्षित हो चुकी है। अब वर्ष 2021 में सामान्य वर्ग के खाते में चली गई है। इस तरह वर्ष 1995 से अभी तक ग्राम प्रधान की सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित नहीं की गई है जबकि ग्राम में अनुसूचित जाति के करीब 600 मतदाता हैं। उन्होंने अनुसूचित जाति में सीट आरक्षित नहीं होने की स्थिति चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी है। आपत्ति देने वालों में उमेश कुमार, गफूर खां, सुखलाल, रीतेश रजक, अभिषेक रजक, मुकेश, धनू, प्रेमनारायण साहू व पंकज साहू आदि सम्मिलित रहे।