ललितपुर। नगर पालिका में जल संस्थान की पांच टंकियों में चार पर मधुमक्खियों के छत्ते लटक रहे हैं, जिससे टंकियों पर कोई भी व्यक्ति चढ़ने का साहस नहीं जुटा पा रहा है। खास बात यह कि शहर के घंटाघर पर ही मधुमक्खी का छत्ता लटका हुआ है। यहां आए दिन धरना प्रदर्शन और पुतला दहन के कार्यक्रम राजनीतिक व संगठनों के लोग करते रहते हैं। जरा सी चूक आसपास के दुकानदारों व राहगीरों पर भारी पड़ सकती है।
जल संस्थान की टंकियां ही नहीं कुछ सार्वजनिक स्थानों पर भी मधुमक्खियों के छत्ते लटक रहे हैं। शहर में डोंडाघाट परिसर स्थित रावतयाना की टंकी पर भी मधुमक्खी का छत्ता लगा हुआ है। इससे टंकी की सफाई तक समय से नहीं हो पा रही है। अधिशासी अभियंता कार्यालय परिसर स्थित टंकी पर भी छत्ते लगे हुए हैं। उधर, मुख्यमार्ग में रानीबाग के पास स्थित दोनों टंकियों पर मुधमक्खियों के छत्ते लटक रहे हैं। इनके आसपास रहने वालों को मधुमक्खियों के हमले का भय बना हुआ है।
-
मधुमक्खी के छत्तों से कोई समस्या नहीं है। आवश्यकता पड़ने पर बैकवास पाइप को खोलकर सफाई करा दी जाती है। -शिवराज सिंह, अधिशासी अभियंता, जल संस्थान