मड़ावरा/ ललितपुर। थाना मड़ावरा के अंतर्गत ग्राम सीरोन में शौचालय बनवा लेने के बाद प्रोत्साहन राशि का पैसा मांगना एक ग्रामीण को महंगा पड़ गया। ग्रामीण व उसके पुत्रों की लाठी - डंडों से मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने महिला प्रधान के पति, उसके देवर व ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ग्राम सीरोंन निवासी हरिराम यादव ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि चार वर्ष पहले प्रधान प्रतिनिधि राजभान पुत्र रघुवीर यादव ने उससे शौचालय बनाने को कहा, इस पर उसने खुद के खर्च पर गड्ढा खुदवाया और शौचालय बनवा लिया। जब उसने पैसा मांगा तो प्रधान प्रतिनिधि उसे टालने लगा। रविवार को उसने फिर से शौचालय का पैसा दिलाने की बात की तो राजभान, भान सिंह पुत्रगण रघुवीर यादव एवं रघुवीर पुत्र रतन यादव में उसके घर में घुसकर गाली-गलौज की और उसके पुत्र हाकम एवं छत्रपाल को बुरी तरह पीटा। मारपीट में छत्रपाल के सिर में गंभीर चोटें आईं हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।