ललितपुर। थाना बार अंतर्गत ग्राम बरौदाडांग में बीस दिन पूर्व दही हांडी फोड़ने के विवाद के बाद युवक की हत्या के मामले में फरार आरोपी को शनिवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। आरोपी पर बीस हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
ग्राम बरौदाडांग में हुए हत्याकांड में एक पक्ष के दस नामजद व अन्य अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कराया गया था। पूर्व में पुलिस 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने फरार चल रहे पवन सिंह को शनिवार को ग्राम खैराडांग स्थित नहर की पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से 12 बोर की डीबीबीएल बंदूक, पांच खोखा कारतूस एवं एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पकड़ने वाले टीम में प्रभारी निरीक्षक बार आनंद कुमार पांडेय, उपनिरीक्षक राजबाबू, उमेश कुमार, नरेंद्र सिंह, शैलेंद्र प्रताप सिंह शामिल रहे।