जिले में पिछले 24 घंटों में दिन व रात के समय में झमाझम बारिश होने से बांधों का जलस्तर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। किसी बांध में एक मीटर तो किसी में आधा मीटर ही पानी का स्तर बढ़ सका है। मध्य प्रदेश में होने वाली बारिश की वजह से राजघाट बांध का जलस्तर सबसे तेजी से बढ़ रहा है। जबकि गोविंद सागर बांध अब भी करीब 16 फीट खाली है। वहीं, रविवार को होने वाली बारिश से जनपदवासियों को एक बार फिर से अच्छी बारिश होने की उम्मीद जाग गई है।
रविवार को जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में खूब झमाझम बारिश हुई है। इससे पूरा शहर पानी-पानी हो गया। पहले तो शनिवार की देर रात में करीब एक बजे के बाद हल्की बूंदाबांदी के साथ शुरू हुई बारिश सुबह तक होती रही। इसके बाद सुबह करीब साढ़े आठ बजे से बारिश तो रुक गई, लेकिन घने बादलों के बीच उमस बढ़ गई। ऐसे में जनपदवासियों को बारिश की उम्मीद दिखने लगी। दोपहर एक बजे से पाली, निवाई, बछलापुर, जामुनधाना, घटवार, बिरधा, मसौराकलां, खितवांस, नदनवारा, राजघाट, कल्यानपुरा समेत दर्जनों गांव में घनघोर काले बादलों के साथ बारिश शुरू हो गई, जो करीब तीन बजे तक लगातार होती रही। वहीं, दोपहर करीब दो बजे शहर के बाईपास रोड की ओर से घने बादलों के छाने से खूब झमाझम बारिश होने लगी, जो करीब साढ़े तीन बजे तक हुई। जनपद में लगातार 24 घंटे मेें कई बार घने बादलों के बीच खूब बारिश हुई, इससे पूरा शहर जलमग्न हो गया।
आषाढ़ खत्म होने को है और आषाढ़ जाते-जाते अच्छी बारिश होने से बांधों का जलस्तर भी बढ़ने लगा है। वहीं, मध्य प्रदेश के भोपाल, विदिशा और बेेतवा नदी के क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने की वजह से राजघाट बांध का जलस्तर में काफी सुधार हुआ है और जल्द ही राजघाट बांध के पूरा भरने की संभावना बढ़ गई है। वहीं, जनपद में वर्तमान में अच्छी हो रही बारिश के कारण माताटीला बां के जलस्तर में सुधार आया है। हालांकि शहर के गोविंदसागर बांध समेत कई बांध अब भी पानी बढ़ने के लिए तरस रहे हैं। इन बांधों में हर रोज मुश्किल से आधा से एक फुट पानी ही बढ़ रहा है। गोविंद सागर बांध के जलस्तर में रात भर की बारिश में मात्र सवा फुट पानी बढ़कर मात्र 1176.18 फुट पर है। जबकि माताटीला बांध के जलस्तर में एक दिन में मात्र 0.08 फुट ही पानी बढ़ सका है। वहीं, राजघाट बांध का जलस्तर एक दिन में मात्र 0.10 मीटर ही बढ़ सका है, जो वर्तमान में 371 मीटर के सापेक्ष 365.50 मीटर पर है, हालांकि राजघाट बांध का जलस्तर अब तक की बारिश में करीब 28 फुट तक बढ़ चुका है।
जिले के बांधों के जलस्तर की स्थिति
बांधों के नाम कुल जलस्तर वर्तमान जलस्तर
गोविंदसागर बांध- 1194 फुट 1176.18 फुट
शहजाद बांध- 321.8 मीटर 312.10 मीटर
जामनी बांध- 403.55 मीटर 398.67 मीटर
सजनाम बांध- 373.2 मीटर 367.14 मीटर
रोहणी बांध- 396.39 मीटर 392.60 मीटर
राजघाट बांध- 371 मीटर 365.50 मीटर
माताटीला बांध- 1012 फुट 990.38 फुट
जगह-जगह हुआ जलभरा
नगर में रविवार की दोपहर की दोपहर करीब डेढ़ घंटे की हुई झमाझम बारिश से जगह-जगह जलभराव की स्थित बन गई। आजादपुरा, गांधीनगर, गोविंदनगर क्षेत्र, नदीपुरा, कैलगुवां तिराहा, नेहरूनगर आदि स्थानों में मोहल्लों व मुख्य सड़कों पर पानी लबालब हो गया। कैलगुवां तिराहे पर तो स्थिति यह रही कि बारिश रुकने के काफी देर बाद तक पानी सड़कों पर एक से डेढ़ फीट तक भरा रहा, यहां तक कि यहां स्थित कई दुकानों में भी पानी भरने लगा था। सड़क पर डेढ़ फीट पानी जमा होने से राहगीरों को वाहन से भी निकलने में परेशानी उठानी पड़ी। वहीं गांधीनगर में कई गलियों में पानी भर गया। नालियों से पर्याप्त निकासी की व्यवस्था नहीं होने से बारिश के दिनों में इन क्षेत्रों में अक्सर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।