ललितपुर। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के एक प्रतिनिधि मंडल ने शिक्षकों की समस्याओं को लेकर बीएसए व वित्त एवं लेखाधिकारी से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन भी सौंपा। इसमें बताया गया कि बैंकों के विलय में दो सौ शिक्षकों का वेतन फंसकर रह गया है।
प्रतिनिधि मंडल ने ज्ञापन देते बताया कि ब्लॉक तालबेहट के लगभग 200 शिक्षकों के वेतन का खाता इलाहाबाद बैंक में था। इस बैंक का इंडियन बैंक में विलय हो गया है। इस वजह से आईएफएससी कोड परिवर्तित हो गया है। आईएफएससी कोड अभी तक अपडेट नहीं हो पाया है, इससे शिक्षकों का माह जून का वेतन अवरूद्ध हो गया है। वहीं, अंतर्जनपदीय शिक्षकों व नवनियुक्त शिक्षकों के वेतन अवशेष लंबित हैं, जबकि शासन द्वारा शिक्षकों के वेतन भुगतान किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने अंतर्जनपदीय स्थानांतरित शिक्षकों व नव नियुक्त शिक्षकों के लंबित वेतन अवशेष/ एरियर का सामूहिक रूप से शीघ्र भुगतान कराने, आईएफएससी कोड अपडेट कर शिक्षकों के लंबित वेतन का अविलंब भुगतान कराने की मांग की है। प्रतिनिधि मंडल में मंडल अध्यक्ष अरविंद तिवारी, जिलाध्यक्ष रविकांत ताम्रकार, जिला महामंत्री हरभजन सिंह, देशभक्त चतुर्वेदी, अमित चतुर्वेदी, दशरथ सिंह, अविनाश श्रीवास, अमित जैन, ब्रजेश कुशवाहा आदि शामिल रहे।
----
अमान्य संगठनों के लेटर पेड के प्रयोग पर लाई जाए रोक
जनपद में कई अमान्य संगठन अपने क्रियाकलाप संचालित कर रहे हैं। ऐसे संगठनों के क्रियाकलापों, गतिविधियों, पत्राचार व लेटर पेड के प्रयोग पर तत्काल रोक लगाने व उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।