ललितपुर। थाना कोतवाली क्षेत्र के एक बैंक अधिकारी को कोरोना वायरस होने की अफवाह सोशल मीडिया पर चलने के बाद शहर के लोगों में भय का माहौल पैदा हो गया था। बैंक अधिकारी को जब इसकी जानकारी लगी, तो छानबीन में पता चला कि सोशल मीडिया पर बैंक अधिकारी की फोटो ही फर्जी है। इसके बाद शिकायत जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से की गई। मामला फर्जी होने पर अधिकारियों ने मामले की पड़ताल कर अफवाह फैलाने वाले के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
कोतवाली क्षेत्र के एक बैंक अधिकारी ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर बताया कि उसके नाम का दुरुपयोग करते हुए सोशल मीडिया पर फर्जी फोटो डालकर उसे कोरोना वायरस होने की अफवाह फैलाई जा रही है। जबकि, वह पूर्ण रुप से स्वस्थ्य है और जो फोटो सोशल मीडिया पर चल रही है वह भी उसकी नहीं है। यह बात संज्ञान में आने के बाद अफवाह फैलाने वाले के खिलाफ कार्रवाई निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सोशल मीडिया सेल ने भी उक्त खबर को अफवाह बताया। सोशल मीडिया सेल नेे जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य चिकित्साधिकारी से वार्ता की गई तो यह खबर असत्य पाई गई। बैंक मैनेजर पूर्ण रुप से स्वस्थ हैं।
बैंक मैनेजर को कोरोना वायरस होने की बात पूरी तरह से फर्जी है। यह बात सोशल मीडिया पर कहां से शुरु हुई, इसकी जांच कराई जा रही है, जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- कैप्टन एमएम बेग, पुलिस अधीक्षक।