मड़ावरा। दुर्घटना में मृतक के परिजनों के बैंक खाते पहुंची दुर्घटना क्लेम की धनराशि को बैंक शाखा प्रबंधक द्वारा हड़प लेने का मामला संज्ञान में आया है। पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री समेत तमाम आला अधिकारियों को एक शिकायती पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई और रुपये वापस कराए जाने की मांग की है।
तहसील क्षेत्र के ग्राम सैदपुर निवासी सीताराम पाल पुत्र हरदयाल पाल ने बताया कि उसके पिता हरदयाल पाल पुत्र खुमान पशुपालन विभाग में जखौरा में तैनात थे। तीन नवंबर 2021 को सिलगन रेलवे लाइन पर उनका शव मिला था। पिता की दुर्घटना में हुई मृत्यु क्लेम से प्राप्त छह लाख रुपये सैदपुर स्थित प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक शाखा में संचालित मां गेंदाबाई के खाते में आए थे। आरोप है कि बीते नवंबर माह में बैंक प्रबंधक ने पैसा निकालने के नाम पर सुविधा शुल्क की मांग की और तीन लाख रुपये खाते से निकालकर एक लाख रुपये ले लिए। पीड़ित परिवार जब एक जनवरी को प्रबंधक के पास अपने पैसे मांगने गया तो प्रबंधक ने गाली-गलौज करते हुए बैंक से भगा दिया। पीड़ित परिवार ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
खाताधारक का आरोप पूरी तरह से गलत है। उन्होंने उससे किसी भी तरह की कोई अभद्रता नहीं की।- उमा महेश्वर राव, शाखा प्रबंधक, प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक, शाखा सैदपुर