ललितपुर। थाना कोतवाली के अंतर्गत कैलगुवां चौराहा में मिले शव की शिनाख्त हाईवे कैलगुंवा रौड स्थित सुरई घाट कॉलोनी निवासी बाबूलाल अहिरवार (55) पुत्र झगड़ू के रूप में हुई है। शव की शिनाख्त उसके पुत्र ने की है। शव बृहस्पतिवार की रात को कैलगुवां चौराहा के पास हाईवे पर मिला था।
कोतवाली पुलिस शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवाकर उसकी शिनाख्त के प्रयास कर रही थी। पूछताछ में जानकारी हुई कि वह व्यक्ति मोहल्ला कटरा बाजार में जूता चप्पल पॉलिश करने का काम करता था। जिस पर पुलिस ने वहां से उसके परिजनों का पता लगाया और सुरई घाट कॉलोनी जाकर मृतक के पुत्र से शिनाख्त कराई। पुत्र के पुलिस को बताया कि उसके पिता बृहस्पतिवार से घर नहीं लौटे, खोजबीन भी की, लेकिन पता नहीं चला। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया। पुत्र ने आशंका जताई है कि सड़क पार करने के दौरान वाहन की टक्कर से बाबूलाल की मौत हुई होगी। पुलिस ने मृतक के पुत्र दीपक की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।