ललितपुर। रेलवे स्टेशन पर वाहनों की नई व्यवस्था से ऑटो चालकों में आक्रोश है। ऑटो चालक मुख्य गेट के सामने अंदर वाली लाइन में ऑटो ले जाने की मांग कर रहे हैं। आरपीएफ ने नई व्यवस्था के तहत अंदर वाली रो में सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी है।
रेलवे व आरपीएफ ने स्टेशन के बाहरी परिक्षेत्र में यह नई व्यवस्था लागू की है। इसके तहत टैक्सी, ऑटो और सभी वाहनों के लिए मुख्य गेट के सामने वाली सड़क पर प्रवेश बंद है। अब सभी ऑटो को पार्क के पहले शिव मंदिर के पास वाली सड़क पर ही रुकने की सुविधा है। इससे ट्रेन से उतरने वाले यात्रियों को सीधे ऑटो या टैक्सी नहीं मिल पा रही हैं। यात्रियों को पार्क के पास हनुमान मंदिर तक चलकर आना पड़ रहा है। वहां ऑटो पकड़ने के लिए उन्हें जाम के बीच परेशान होना पड़ता है। इस बदलाव से ऑटो चालकों के साथ आम लोगों को भी परेशानी हो रही है। ऑटो चालकों के कारोबार पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। एक ही लाइन में वाहन खड़े होने से यात्रियों की भीड़ के समय जाम लगता है। जाम की वजह से कई बार यात्रियों की ट्रेन भी छूट जाती है।
00000000000
चालकों की मांग और चेतावनी
ऑटो चालकों ने पुरानी व्यवस्था के तहत संचालन शुरू न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। उन्होंने 14 अक्तूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल करने की भी बात कही है। टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष छोटेलाल साहू ने अपनी बात रखी। महामंत्री बृजबिहारी मिश्रा और कोषाध्यक्ष रवि यादव ने रेलवे स्टेशन पर स्थायी टैक्सी स्टैंड की मांग की है।
यात्रियों की सुविधा और स्टेशन परिक्षेत्र को स्वच्छ रखने के उद्देश्य से यहां व्यवस्था बनाई गई है। ऑटो संचालकों की जो भी समस्याएं हैं, उनकी जानकारी लेकर यात्रियों की सुविधाओं को देखते हुए समाधान किया जाएगा।-मनोज कुमार सिंह, पीआरओ, रेलवे झांसी।