ललितपुर। थाना जाखलौन के अंतर्गत ग्राम ऐरा में ऑटो व बाइक की आमने- सामने की भिड़ंत में एक महिला मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
शनिवार की शाम करीब पांच बजे ग्राम ऐरा के पास ग्राम सगौरिया से लौटकर ललितपुर की ओर आ रही सवारियों से भरी ऑटो सामने से आ रही एक बाइक से टकरा गई, जिससे ऑटो पलट गई और उसमें बैठी सवारियों में चीख पुकार मच गई। घायलों को उपचार के लिए 108 एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां ग्राम सगौरिया निवासी चंद्ररानी उर्फ कुसुम (55) पत्नी सरमन को परीक्षण उपरांत चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि सुमन (30) पत्नी आशाराम, अरुण (35) पुत्र रामलाल सहरिया, वरुण (12) पुत्र आशाराम सहरिया, मोहल्ला नेहरूनगर निवासी लक्ष्मी (25) पत्नी नंदकिशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक सवार कोतवाली क्षेत्र निवासी शिवम (25) पुत्र हरप्रसाद एवं मध्य प्रदेश के थाना भानगढ़ अंतर्गत ग्राम पिपरासा निवासी विशाल (18) पुत्र गनेश घायल हैं। इनका उपचार जिला चिकित्सालय में चल रहा है। आशाराम ने बताया कि वह अपनी पत्नी सुमन, पुत्र वरुण एवं साली लक्ष्मी के साथ ऑटो से ग्राम सगौरिया गया था, सगौरिया से वह अपनी सास चंद्ररानी एवं अन्य के साथ वापस लौट रहा था कि ग्राम ऐरा के पास हादसा हो गया।