संवाद न्यूज एजेंसी
महरौनी। हाईटेंशन लाइन ठीक करते समय युवक की मौत के मामले में मंगलवार को पीड़ित पिता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। बताया कि संविदा कर्मी के कहने पर उसका बेटा पोल पर चढ़कर लाइन जोड़ रहा था, तभी सप्लाई चालू कर दी गई और करंट की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई।
ग्राम पड़वां में सोमवार रात करीब 8.30 बजे गणेश कुशवाहा के पुत्र नंदलाल कुशवाहा (23) की एचटी लाइन ठीक करते समय दर्दनाक मौत हो गई थी। देर शाम गांव पहुंचे शव का बानपुर रोड स्थित मुक्तिधाम पर अंतिम संस्कार किया गया। बिजली विभाग के प्रति ग्रामीणों में रोष को देखते हुए अंतिम संस्कार के समय पुलिस बल मौजूद रहा। इधर, मृतक के पिता गनेश कुशवाहा ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बानपुर-सुनवाहा फीडर पर तैनात विद्युत संविदा कर्मी, नंदलाल से विद्युत संबंधी कार्य करवाता था। सोमवार रात्रि करीब 8.30 बजे एचटी लाइन को दुरुस्त करवाने के लिए शटडाउन लेकर नंदलाल को खंभे पर चढ़वा दिया। लाइन ठीक करने के दौरान सप्लाई आ जाने से उसके बेटे की मौत हो गई।
मृतक नंदलाल के पिता की तहरीर पर जांच की जा रही है। जो तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।-रमेश चंद्र मिश्रा, कोतवाली प्रभारी महरौनी।
विभागीय जांच की जा रही है। जो भी दोषी होगा, उस पर कार्रवाई की जाएगी।- धर्मेंद्र प्रजापति, अवर अभियंता विद्युत