जिलाधिकारी अन्नावि दिनेश कुमार को पराक्रम पुस्तिका भेंट करते विश्व हिन्दू महासंघ के पदाधिकारी?
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। जगतगुरु शंकराचार्य पर प्राणघातक हमले के आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर विश्व हिंदू महासंघ ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम के माध्यम से सौंपा।
विश्व हिंदू महासंघ के संरक्षक अनिल जैन अंचल एवं झांसी मंडल के प्रभारी पवन जैन शिवाजी के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में बताया कि ज्योतिर्मठ अवांतर भानपुरा पीठ भानपुरा के पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी ज्ञानानंद तीर्थ महाराज बीते रोज प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चकगंजारा गिरि कमलाबाद बडोली में बाबा विश्वनाथ गिरि आश्रम पर चल रहे श्रीराम कथा महोत्सव में अपने अन्य सेवकों के साथ पूजा-अर्चना में व्यस्त थे कि इसी दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर अज्ञात वाहन चालक लुटेरों ने उनपर प्राणघातक हमला कर दिया और उनके हाथ में रहने वाली बेशकीमती झोली एवं दस्तावेज उड़ा ले गए। गौरतलब रहे कि ज्ञानानंद तीर्थ महाराज को संपूर्ण देश में विशेष श्रेणी सुरक्षा प्राप्त है। उनके आगमन एवं प्रस्थान व विश्राम तक पुलिस के सुरक्षाकर्मियों का जहां घेरा रहता है, ऐसे में शंकराचार्य पर हमला सनातन धर्म की सर्वोच्च पीठ पर हमला है। ज्ञापन में धार्मिक आयोजन में शंकराचार्य जी की सुरक्षा में हुई चूक पर चिंता जताते हुए दोषी लोगों पर कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष हरिकिशोर नरवरिया, सुरेश बाबू जैन एड, अक्षय अलया, महेश पटैरिया, रामसिंह निरंजन, मनोज चौबे, ध्रुव साहू, रामबाबू राजपूत, भावना गोस्वामी, मनविंदर कौर, चेष्ठा श्रीवास्तव, आलोक रिछारिया, संजीव सौरया, आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
डीएम को भेंट की पराक्रम पुस्तिका
ललितपुर। विश्व हिन्दू महासंघ की वार्षिक पत्रिका पराक्रम को प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी ए दिनेश कुमार को भेंट करते हुए जानकारी दी कि विश्व हिंदू महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महासंघ सत्तर के दशक से देश दुनिया में सनातन धर्म आर्य संस्कृति हिंदुत्व के प्रति बढ़ते खतरों से सावधान करने एवं मूल संस्कृति से भटके लोगों को सही मार्ग पर लाने के लिए आद्य शंकराचार्य द्वारा स्थापित चारों पीठों के शंकराचार्य गोरक्षपीठाधीश्वर महंत अवैद्यनाथ महाराज के नेतृत्व में कार्य कर रहा है। विश्व हिंदू महासंघ के मंडल प्रभारी पवन जैन शिवाजी ने बताया कि मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी कार्यकाल के चार वर्ष पूर्ण होने पर 22 मार्च को दोपहर 12 बजे घंटाघर प्रांगण में विश्व हिंदू महासंघ द्वारा बृहद कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इसमें संगठन के पदाधिकारी एवं शासन के मंत्री शासन की नीतियों पर खुलकर खुलकर चर्चा करेंगे।