संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मानदेय सहित कई मांगों को लेकर शुक्रवार को आशा कार्यकर्ताओं ने कंपनी बाग में धरना-प्रदर्शन किया। महिलाएं नारेबाजी करती हुईं कलक्ट्रेट पहुंचीं और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
जिलाध्यक्ष आशा यादव ने कहा, आशा कार्यकर्ताओं पर कार्य का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन प्रोत्साहन राशि का पता नहीं है। कई कार्य करने के बाद मानदेय नहीं दिया जा रहा है। भविष्य निधि, ग्रेच्युटी और सामाजिक सुरक्षा तो दूर साप्ताहिक और एक दिन का भी मातृत्व अवकाश नहीं दिया जाता। संगिनी और आशा कर्मियों को राज्य स्वास्थ्य कर्मी का दर्जा देकर न्यूनतम वेतन व मातृत्व अवकाश, कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ), राज्य कर्मचारी बीमा (ईएसआई) का सदस्य बनाने की मांग की।
वर्ष 2015 से सब तक सेवा के दौरान दुर्घटनाओं और अन्य कारणों से जान गंवाने वाली संगिनियों के आश्रित को 20 लाख मुवावजा देने, संगिनियों को दस हजार रुपये मासिक पेंशन, साप्ताहिक व राष्ट्रीय अवकाश सुनिश्चित किए जाने की भी मांग की। इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष अंजना चौबे, शायरा बानो, मीरा वाल्मीकि, मालती यादव, रामादेवी, सुमनदेवी, ममता देवी, मीरा, ममता, रामा आदि मौजूद रहीं।