बीपी के मरीजों की संख्या भी बढ़ी, बुजुर्ग और सांस रोगियों को सुबह-शाम संभल कर रहने की सलाह
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जनपद में सर्दी बढ़ने से सांस रोगियों की समस्या बढ़ गई है। मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग की ओपीडी में रोजाना 65 से 75 सांस रोगी पहुंच रहे हैं। इनमें पिछले 24 घंटे में छह से आठ मरीज भर्ती किए गए। वहीं, बीपी के मरीजों की संख्या भी बढ़ गई है। चिकित्सकों का कहना है कि बुजुर्ग व सांस रोगी सर्दी में सुबह-शाम घर में रहकर बचाव करें।
जिले में दो सप्ताह से लगातार सर्दी में इजाफा हो रहा है। अब सुबह व शाम बिना गर्म कपड़ों के रहना मुश्किल हो गया है। सर्दी ने सांस रोगियों की समस्या बढ़ा दी है। मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. पवन सूद का कहना है कि सर्दी में लापरवाही सांस रोगियों को परेशान कर रही है।
मेडिकल कॉलेज में मेडिसिन विभाग की ओपीडी में सोमवार को 300 से अधिक मरीज उपचार के लिए पहुचे। इनमें 22 से 25 फीसदी मरीजों में सांस की समस्या रही। वृद्ध मरीजों को जेनेटिक वार्ड में भर्ती किया जा रहा है। वहीं, सर्दी बढ़ने से बीपी के मरीजों की संख्या में भी वृद्धि हुई है। प्रतिदिन 50 से 60 मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। इससे पहले इनकी संख्या 25 से 30 थी। चिकित्सकों ने बताया कि सांस रोगियों को सर्दी से बचाव की जरूरत है। सुबह शाम घरों में रहें। गर्म कपड़े पहनें। ठंडी वस्तुएं खाने से परहेज करें। किसी भी तरह की समस्या होने पर चिकित्सक से परामर्श लें।