तालबेहट/ललितपुर। थाना तालबेहट अंतर्गत आर्मी एरिया स्थित सरकारी आवास में दो दिन पहले जहां पत्नी ने अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी, वहीं सैनिक पति ने भी बुधवार की सुबह फांसी लगा ली, जिससे उसकी मौत हो गई। जानकारी मिलने पर तालबेहट कोतवाली पुुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराया है। वहीं इस मामले में मृतका के भाई की तहरीर पर तालबेहट पुलिस ने मंगलवार की रात पति समेत चार लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया था। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने बताया कि मामला आर्मी क्षेत्र का है। जानकारी मिलने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। वहीं इस मामले में मृतका के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
हरियाणा राज्य के गुड़गांव के थाना पटौदी अंतर्गत ग्राम पटौदी निवासी डीएस मनीष (24) पुत्र तालबेहट स्थित आर्मी एरिया में सैनिक था और वह यहां सरकारी आवास में पत्नी पायल (22) के साथ रहता था। इसी दौरान बीते दो दिन पहले आठ मार्च दिन सोमवार की शाम को उसकी पत्नी पायल ने मानसिक तनाव के चलते अपने कमरे में रस्सी से फांसी लगाकर जान दे दी। इसकी जानकारी पति मनीष ने अपने अधिकारियों व परिजनों को दी। जानकारी मिलने पर कोतवाली तालबेहट पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर आर्मी के सैनिकों की देखरेख में उसका शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी मिलने पर मृतका पायल के मायके पक्ष के लोग भी तालबेहट पहुंच गए और मृतका के भाई नई दिल्ली के नजफगढ़ निवासी रविंद्र सिंह पुत्र वीरेंद्र सिंह की तहरीर पर मृतका के पति मनीष एवं अन्य परिजन सुनील उर्फ बबली, सास संतोष पत्नी नरेंद्र एवं प्रदीप पुत्र नरेद्र के खिलाफ शादी के बाद से ही परेशान करने और पति द्वारा शराब पीकर मारपीट करने और दहेज में अतिरिक्त पांच लाख रुपये मायके से नहीं लाने पर हत्या के आरोप लगाए। जिस पर कोतवाली तालबेहट पुलिस ने सभी आरोपियों पर दहेज उत्पीड़न व दहेज की खातिर हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। पति व ससुरालियों पर मुकदमा दर्ज होने पर बुधवार की सुबह उक्त सैनिक डीएस मनीष ने भी उसी कमरे में (जहां पत्नी का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला था) फांसी लगाकर जान दे दी। बुधवार की सुबह करीब दस बजे जानकारी मिलने पर तालबेहट पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं बुधवार को महिला के शव का पोस्टमार्टम होने के बाद परिजनों द्वारा उसका अंतिम संस्कार तालबेहट में ही कर दिया गया। बताया गया है कि मृतक दंपत्ति का एक आठ माह का पुत्र है।
-
वर्जन-
जानकारी मिलने पर तालबेहट पुलिस मौके पर पहुंची थी और सैनिक एवं उसकी पत्नी के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। जांच चल रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मृतका के भाई की तहरीर पर ससुरालियों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
-देवेंद्र सिंह, क्षेत्राधिकारी तालबेहट।