पंजाब नेशनल बैंक मे पत्रकार वार्ता करते बैंक अधिकारी
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। पंजाब नैशनल बैंक आगरा के महाप्रबंधक बीएस मान ने कहा कि बैंक द्वारा कई तरह की लोन स्कीम चलाई जा रही हैं। इनके प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि वे फायदा उठा सकें। उपभोक्ता आउटरीच पहल कार्यक्रम के अंतर्गत ऋण के लिए आनस्पॉट आवेदन कर सकते हैं। इसका आयोजन चार व पांच अक्तूबर को सुबह 10 बजे से एक होटल में किया जाएगा।
एलडीएम चैंबर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि बैंक के पास पर्याप्त पूंजी है। ऐसा देखा गया है कि बैंक के विभिन्न ऋण व योजनाओं की जानकारी ग्राहकों को नहीं हो पाती है, जिससे वह पात्र होते हुए भी योजनाओं का लाभ नहीं उठा पाते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए उपभोक्ता आउटरीच पहल शुरू की गई है। उपभोक्ताओं को ऑनलाइन ऋण आवेदन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। कार्यक्रम स्थल पर उपलब्ध स्टॉलों पर योजनावार ऋण संबंधी विस्तृत जानकारी, डिजिटल बैंकिंग से जुड़ने के फायदे, आधार सीडिंग से मिलने वाले लाभों की जानकारी, टैब द्वारा नए खाता खोलने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इसमें जिले के सभी पब्लिक सेक्टर के बैंकों के उच्चाधिकारी भाग लेंगे।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार के वित्त मंत्रालय द्वारा उपभोक्ता आउटरीच पहल आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अंतर्गत बैंकों द्वारा रिटेल, कृषि, वाहन, गृह, एमएसएमईए, शिक्षा एवं व्यक्तिगत उपभोक्ता ऋण की जानकारी देते हुए आम उपभोक्ताओं को जागरूक करना है।
सभी किसानों के केसीसी के जवाब में अग्रणी बैंक प्रबंधक एसके श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद में दो हजार दो सौ करोड़ रुपये का ऋण किसानों को खेती एवं भैंस पालन में दिया गया है। जो किसान केसीसी पाने से रह गए हैं, उनकी भूमिधर जमीन कम थी। इस योजना में 95 प्रतिशत किसान कवर हैं। ‘पीएनबी वन’ के नाम से एप बनाया गया है, जिस पर सभी प्रकार की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। इस मौके पर मंडल प्रमुख आरसी सक्सेना, सिंदे गौडवाल झांसी कैंट, अग्रणी जिला प्रबंधक ललितपुर एसके श्रीवास्तव मौजूद रहे।