पाली। थाना पाली क्षेत्र अंतर्गत कस्बा में मंदिर में विराजी भगवान की प्रतिमाओं को खंडित कर दिया गया। मामला आगे तूल न पकड़े, पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए लोगों को समझाया। बाद में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने नशे की हालत में घटना को अंजाम दिया है।
बुधवार की रात श्री समदुवा हनुमान जी मंदिर के आंगन में विराजमान भगवान शिव परिवार की पार्वती जी व कार्तिकेय की प्रतिमाओं को किसी ने क्षतिग्रस्त कर दिया। बृहस्पतिवार की सुबह जब श्रद्धालु मंदिर में भोलेनाथ की पूजा करने गए तो देखा कि मंदिर में स्थापित माता पार्वती की प्रतिमा आंगन में पड़ी थीं और भगवान कार्तिकेय की प्रतिमा का हाथ खंडित पड़ा था। इन पर पत्थरों से प्रहार किया गया है। यह देख श्रद्धालुओं ने आसपास के लोगों को जानकारी दी।
खबर फैलने पर कस्बे के लोग मंदिर में पहुंचे तो प्रतिमाओं को देखकर आक्रोश फैल गया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका- मुआयना किया। पास पड़े एक पत्थर को अपने कब्जे में ले लिया। मामला कहीं आगे तूल न पकड़ ले, इसके लिए सीओ ने सर्किल क्षेत्र से अतिरिक्त पुलिसबल मंगवा लिया। वहीं, बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने आस्था पर हुए हमले को लेकर रोष जताया। पुलिस मंदिर में डेरा डाले हुए है।
आपसी सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश
पाली। मंदिर में प्रतिमाओं पर हुए हमले को लेकर लोग कह रहे हैं कि यह पाली के आपसी सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश है, जो किसी मायने में ठीक नहीं है। पाली में सभी जाति- धर्म के लोग धार्मिक कार्यक्रम मिलजुल कर मनाने की परंपरा में विश्वास रखते हैं।
मुकदमा दर्ज, गिरफ़्तार
पाली। कस्बा निवासी रामसेवक पुत्र भैयालाल राय ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह पांच बजकर तीस मिनट पर मंदिर में दर्शन करने गए तो देखा कि मंदिर में भगवान कार्तिकेय का हाथ टूटा पड़ा है और मां पार्वती की प्रतिमा अपने स्थान से दूर पड़ी है। प्रतिमा तोड़कर खंडित की गई है। रामसेवक की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। हालांकि, बाद में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी का नाम पंडयाना मंदिर के पास निवासी देशराज कुशवाहा पुत्र कूरे कुशवाहा है।
मंदिर में भगवान शिव अपने पूरे परिवार के सहित विराजित हैं। किसी ने इनको खंडित करने के उद्देश्य से हमला किया है, जो बिलकुल भी ठीक नहीं है।
- भगवत नारायण दीक्षित, मंदिर पुजारी
आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। नशे में उसने प्रतिमा तोड़ी है। उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
- कैप्टन एमएम बेग, पुलिस अधीक्षक