तालबेहट। नगर पंचायत तालबेहट पर लाखों रुपये की लागत से ग्राम पंचायत खांदी में कराए गए विकास कार्यों के मामले में एसडीएम ने ईओ से जवाब मांगा है। खंड विकास अधिकारी की जांच रिपोर्ट आने के बाद उपजिलाधिकारी अमित कुमार भारतीय ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को कारण बताने के लिए पत्र लिखा है।
नगर के सरफयाना निवासी शशिभूषण संज्ञा ने अधिकारियों को एक शिकायती पत्र भेज कर नगर पंचायत तालबेहट द्वारा ग्राम पंचायत खांदी में बिना ग्राम पंचायत की अनुमति के लाखों रुपये की लागत से विकास कार्य कराने का आरोप लगाते हुए पैसों की रिकवरी नगर पंचायत से कराने की मांग की थी। जिस पर उपजिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी एवं नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी से जवाब मांगा था। लेकिन नगर पंचायत द्वारा कोई जवाब न दिए जाने पर दोबारा उपजिलाधिकारी ने पत्र लिख कर जवाब मांगा है।
अपने पत्र में उन्होंने अवगत कराया है कि इस प्रकरण से संबंधित आख्या खंड विकास अधिकारी तालबेहट द्वारा दो अगस्त के माध्यम से उपलब्ध कराई गई थी।
- कार्य की जांच मैंने सहायक विकास अधिकारी सहकारिता से कराई थी, जिसमें पाया गया है कि नगर पंचायत के कार्य ग्राम पंचायत खांदी में हुए। उक्त कार्य के संबंध में ग्राम पंचायत से कोई अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं लिया गया था। - संदीप मिश्रा, खंड विकास अधिकारी तालबेहट।